झारखंड में आज आंधी-वज्रपात और तेज हवाओं का भारी खतरा

झारखंड में आज आंधी-वज्रपात और तेज हवाओं का भारी खतरा

झारखंड के मौसम (Jharkhand Weather Update) को लेकर मौसम विभाग ने एक बार फिर से चेतावनी जारी की है। राज्य के कई जिलों में आज मानसून के बचे-कुचे असर और वायुमंडलीय हलचल के कारण तेज आंधी-तूफान के साथ वज्रपात (Thunderstorm and Lightning) का खतरा मंडरा रहा है। पिछले कुछ दिनों से लगातार बदल रहे मौसम के मिजाज के बीच राजधानी रांची सहित कई अन्य जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश और तेज सतही हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, जिसके बाद मौसम पूरी तरह साफ होने और मानसून की पूर्ण विदाई के संकेत मिल रहे हैं। त्योहारी सीजन के बीच अचानक बदले इस मौसम ने आम जनता और खासकर किसानों की चिंता थोड़ी बढ़ा दी है, क्योंकि खुले में रखे अनाज और कटाई के तैयार खेतों पर इसका असर पड़ सकता है।

हवा की रफ्तार और बादलों की गर्ज ने बढ़ाई मुश्किलें, किन जिलों में है सबसे ज्यादा खतरा?

मौसम विभाग से मिली ताजा जानकारी के मुताबिक, आज राज्य के कई जिलों में बादलों की गरज के साथ अचानक तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है। विशेष रूप से संताल परगना, पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार और कोल्हान क्षेत्र के कुछ हिस्सों में मौसम का मिजाज ज्यादा तीखा रह सकता है। हालांकि बारिश की तीव्रता हर जगह एक समान नहीं होगी, लेकिन अचानक होने वाली वज्रपात की घटनाओं को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को पूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासकर खेतों में काम कर रहे किसानों और खुले आसमान के नीचे यात्रा करने वाले लोगों से अपील की गई है कि वे खराब मौसम के दौरान पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण लेने से बचें।

11 अक्टूबर से साफ होने लगेगा आसमान, जानें आने वाले दिनों में कैसा रहेगा तापमान का हाल

अच्छी खबर यह है कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार कल यानी 11 अक्टूबर से झारखंड के अधिकांश जिलों में बाद छट जाएंगे और मौसम धीरे-धीरे साफ होना शुरू हो जाएगा। जैसे-जैसे मानसून राज्य से पूरी तरह विदा लेगा, वैसे-वैसे सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक का अहसास बढ़ने लगेगा, जबकि दिन में खिलने वाली धूप के कारण तापमान सामान्य बना रहेगा। आगामी 15 अक्टूबर तक राज्य में मौसम के मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना जताई गई है, जिससे दुर्गा पूजा और आगामी त्योहारों की तैयारियों में जुटे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। तापमान में हल्की गिरावट दर्ज होने से अब धीरे-धीरे गुलाबी ठंड की दस्तक महसूस होने लगी है, जो राज्यवासियों को उमस भरी गर्मी से पूरी तरह निजात दिलाएगी।