खौफनाक वारदात! 8 महीने की गर्भवती प्रेमिका को जंगल में बुलाकर मार डाला

खौफनाक वारदात! 8 महीने की गर्भवती प्रेमिका को जंगल में बुलाकर मार डाला

झारखंड के खूंटी जिले से रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक युवक ने शादी का दबाव बनाने पर अपनी आठ महीने की गर्भवती प्रेमिका को मौत के घाट उतार दिया। मुरहू थाना क्षेत्र स्थित पंगुरा गांव के पास घने जंगल से युवती का शव बरामद होते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

मेडिकल परीक्षण के दौरान डॉक्टरों ने मृतका के गर्भ से आठ महीने का भ्रूण बाहर निकाला। इस जघन्य कृत्य को अंजाम देने वाले आरोपी प्रेमी सागर ओडेया को स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दबोच लिया है।

अधिकार मांगने पर बढ़ा विवाद और दरिंदगी की दास्तान

पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी सागर ओडेया और पीड़िता पिछले दो वर्षों से प्रेम प्रसंग में थे। रिश्ते के दौरान जब युवती गर्भवती हो गई, तो उसने सागर पर शादी करने तथा अपने और गर्भ में पल रहे शिशु को सामाजिक व कानूनी अधिकार दिलाने की मांग तेज कर दी। सागर लगातार इन जिम्मेदारियों से मुंह मोड़ रहा था और दोनों के बीच दूरियां बढ़ती जा रही थीं। हालात तब और बिगड़ गए जब कुछ महीने पहले आरोपी अपने घर किसी दूसरी महिला को लेकर आ गया, जिसके बाद दोनों में तीखी तकरार रहने लगी थी।

हक की मांग लेकर घर पहुंची थी युवती, फिर अचानक हुई गायब

पीड़िता अपने और अजन्मे बच्चे के अधिकारों की मांग को लेकर 2 सितंबर को सीधे सागर के घर पहुंची थी। इसके बाद 4 सितंबर से वह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजन उसकी तलाश में जुटे ही थे कि रविवार को पंगुरा के जंगलों में एक अज्ञात युवती का शव मिलने की सूचना से सनसनी फैल गई। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की।

जंगल में बुलाकर वारदात को दिया अंजाम, दोहरी हत्या की धाराएं दर्ज

प्राथमिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने साजिश के तहत युवती को बातचीत के बहाने जंगल में बुलाया और वहां उसकी निर्ममता से हत्या कर शव को झाड़ियों में छिपा दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आठ महीने के मृत भ्रूण की पुष्टि के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोहरे हत्याकांड की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस अधिकारी अब इस बात की कड़ियां जोड़ रहे हैं कि इस खौफनाक वारदात में मुख्य आरोपी के साथ कोई अन्य सहयोगी भी शामिल था या नहीं।