कार काटकर निकालने पड़े शव! रांची-पटना हाईवे पर खौफनाक मंजर, एक ही झटके में बुझ गए 3 चिराग
झारखंड के रामगढ़ शहर में रांची-पटना मुख्य मार्ग पर एक बेहद भयानक सड़क हादसा सामने आया है, जहां तेज रफ्तार कंटेनर और बलेनो कार के बीच हुई जबरदस्त भिड़ंत में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब पूरा परिवार कार पर सवार होकर रांची से हजारीबाग की ओर जा रहा था। इसी दौरान चुटुपालू घाटी क्षेत्र में पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित कंटेनर ट्रक ने आगे चल रही कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, हरियाणा नंबर के कंटेनर (HR 37 D 8971) ने झारखंड नंबर की बलेनो कार (JH 02 AJ 5718) को इतनी तेज टक्कर मारी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर ही बुरी तरह फंस गए। टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रियांशु चक्रवर्ती (35 वर्ष) और पिमांशु चक्रवर्ती (32 वर्ष) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं कार में मौजूद तीसरे सदस्य प्रोणोई चक्रवर्ती को गंभीर हालत में बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की पेट्रोलिंग टीम फौरन घटनास्थल पर पहुंची। कार के क्षतिग्रस्त ढांचे को काटकर अंदर फंसे घायलों और शवों को बाहर निकालने में बचाव दल को खासी मशक्कत करनी पड़ी। कार में चालक राजू कुमार के अलावा परिवार की महिला सदस्य रीना चक्रवर्ती भी सवार थीं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लग गया कई किलोमीटर लंबा जाम
कार को टक्कर मारने के बाद कंटेनर भी अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गया, जिससे रामगढ़-रांची लेन पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। दुर्घटना के चलते चुटुपालू घाटी में कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया और करीब तीन घंटे तक राहगीरों व वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बाद में पुलिस और एनएचएआई की क्रेन की मदद से पलटे हुए कंटेनर को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी है।