सिर्फ 6 बचे! झारखंड में 55 लाख के इनामी नक्सलियों पर सुरक्षाबलों का अंतिम प्रहार, कांप उठे जंगल

सिर्फ 6 बचे! झारखंड में 55 लाख के इनामी नक्सलियों पर सुरक्षाबलों का अंतिम प्रहार, कांप उठे जंगल

झारखंड में प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन के विरुद्ध सुरक्षा बलों की कार्रवाई का असर अब साफ दिखाई दे रहा है। लगातार अभियानों और माओवादियों के आत्मसमर्पण के बीच सुरक्षा एजेंसियों की सूची में अब छह प्रमुख इनामी सदस्य ही बचे हैं। इन छह लोगों पर कुल 55 लाख रुपये का इनाम घोषित है।

इनमें गया निवासी नितेश यादव सबसे अधिक इनामी माओवादी बताया गया है। उस पर 15 लाख रुपये का इनाम है। सुरक्षा एजेंसियां अब बचे हुए इनामी सदस्यों की तलाश पर विशेष ध्यान दे रही हैं।

लातेहार, पलामू और गढ़वा से जुड़ी कड़ियां

बचे हुए ज्यादातर इनामी माओवादियों का संबंध लातेहार, पलामू और गढ़वा से बताया जाता है। कभी शंख-कोयल जोन और बूढ़ा पहाड़ इलाके में माओवादी गतिविधियों का असर रहा था।

बूढ़ा पहाड़ में सुरक्षा बलों के अभियान तेज होने के बाद संगठन के कई सदस्यों के सारंडा की ओर जाने की जानकारी सामने आई थी। हालांकि अब सारंडा में भी उनकी सक्रिय मौजूदगी को लेकर सुरक्षा एजेंसियों के पास स्पष्ट जानकारी नहीं है।

सारंडा क्षेत्र में भी संगठन को बड़ा नुकसान हुआ है। माओवादी कमांडर सचिन के आत्मसमर्पण के बाद वहां संगठन के शीर्ष स्तर का कोई प्रमुख माओवादी नहीं बचा है। वहीं एक करोड़ रुपये के इनामी माओवादी आकाश की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने अपना फोकस बाकी इनामी सदस्यों की तलाश पर कर दिया है।

नितेश यादव पर 15 लाख का इनाम

सुरक्षा एजेंसियों के रिकॉर्ड के मुताबिक गया जिले के डुमरिया थाना क्षेत्र के तरवाडीह निवासी नितेश यादव को संगठन में आरसीएम स्तर का सदस्य बताया गया है। वह इरफान, नन्दू और किरानी जैसे नामों से भी जाना जाता है। उसके विरुद्ध 15 लाख रुपये का इनाम घोषित है।

लातेहार के नगराटोला हेम्बरवार निवासी मनोहर गंझू उर्फ सोहन उर्फ दिनेश पर 10 लाख रुपये का इनाम है। उसे जोनल कमेटी का सदस्य बताया गया है।

पलामू और गढ़वा के इनामी सदस्य भी सूची में

पलामू जिले के देवगन गांव के रहने वाले गोदराय यादव उर्फ संजय यादव पर भी 10 लाख रुपये का इनाम घोषित है।

गढ़वा के रंका थाना क्षेत्र के झिंगुरा गांव निवासी पंकज कोरवा पर पांच लाख रुपये का इनाम है। उसे संगठन में सब-जोनल कमेटी यानी एसजेडीएम स्तर का सदस्य बताया गया है।

और तो और गढ़वा के डंडई थाना क्षेत्र के लावाही निवासी राजू भुइयां भी सुरक्षा एजेंसियों की सूची में शामिल है। उस पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित है और उसे भी सब-जोनल कमेटी स्तर का सदस्य बताया गया है।