Ration ATM: पैसे की तरह निकलेगा गेहूं-चावल, डीलर की मनमानी और घटतौली का खेल खत्म

Ration ATM: पैसे की तरह निकलेगा गेहूं-चावल, डीलर की मनमानी और घटतौली का खेल खत्म

झारखंड के कोयलांचल क्षेत्र धनबाद के राशन कार्डधारकों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) में डीलरों द्वारा की जाने वाली घटतौली और समय पर दुकान न खोलने की मनमानी पर अब पूरी तरह ब्रेक लगने जा रहा है। केंद्र सरकार की आधुनिक योजना के तहत धनबाद जिले में बहुत जल्द पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर 'राशन एटीएम' (अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम) स्थापित किया जा रहा है। जिस तरह बैंक के एटीएम से नोट निकलते हैं, ठीक उसी तरह इस ऑटोमैटिक मशीन से कार्डधारकों को सटीक वजन के साथ गेहूं और चावल मिलेगा।

डीसी ऑफिस परिसर से शुरुआत, प्रक्रिया तेज

जिला प्रशासन और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने इस अत्याधुनिक सुविधा के लिए धनबाद उपायुक्त (डीसी) कार्यालय के पिछले हिस्से में जमीन चिह्नित कर ली है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी (डीएसओ) पंकज कुमार ने स्पष्ट किया है कि टेंडर की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। शुरुआत में डीसी कार्यालय के पास पहली मशीन लगाई जाएगी, जिसके सफल संचालन और फीडबैक के बाद इसे पूरे जिले के विभिन्न ब्लॉक और घनी आबादी वाले इलाकों में भी लगाया जाएगा।

न कतार का झंझट, न समय की पाबंदी

अक्सर कार्डधारकों को डीलर की दुकान खुलने का इंतजार करना पड़ता था या घंटों लंबी लाइनों में खड़े होकर बैरंग लौटना पड़ता था। नया राशन एटीएम पूरी तरह ऑटोमैटिक होगा और दिनभर खुला रहेगा। लाभार्थी अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी समय आकर अपना अनाज प्राप्त कर सकेंगे। इससे कामकाजी लोगों और दिहाड़ी मजदूरों को सबसे ज्यादा सहूलियत होगी, जिन्हें राशन लेने के लिए अपनी दिहाड़ी छोड़नी पड़ती थी।

कैसे काम करेगा राशन एटीएम

 

  1. सबसे पहले कार्डधारक को मशीन की स्क्रीन पर अपना डिजिटल राशन कार्ड नंबर दर्ज करना होगा।

  2. इसके बाद स्क्रीन के पास लगी बायोमीट्रिक डिवाइस पर अंगूठा लगाकर अपनी पहचान प्रमाणित करनी होगी।

  3. बायोमीट्रिक सत्यापन सफल होते ही कार्ड की पात्रता के अनुसार निर्धारित मात्रा में सीधे गेहूं और चावल मशीन के आउटलेट से बाहर आ जाएंगे।

  4. मशीन के भीतर लगे सेंसरयुक्त वेइंग स्केल की मदद से अनाज तौला जाता है, जिससे 1 ग्राम की भी घटतौली की गुंजाइश नहीं रहती।

डीलरों की मनमानी और फर्जीवाड़े पर सीधा डिजिटल प्रहार

जिले में लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि पीडीएस डीलर मशीन में अंगूठा लगवा लेते हैं लेकिन राशन कम देते हैं या कई चक्कर कटवाते हैं। विभागीय स्तर पर शिकायतों के बावजूद ठोस कार्रवाई न होने से डीलरों के हौसले बुलंद थे। इस ग्रेन एटीएम के आने से यह पूरा खेल बंद हो जाएगा। मशीन सीधे केंद्रीय सर्वर से कनेक्टेड रहेगी, जिससे अनाज वितरण का हर लेन-देन रियल टाइम में ऑनलाइन मॉनिटर होगा। अंगूठा लगते ही सर्वर पर स्टॉक अपडेट हो जाएगा और लाभार्थी को उसका पूरा हक बिना किसी बिचौलिए के मिल सकेगा।