DRDO में 6 महीने की इंटर्नशिप, हर महीने 5,000; 28 सितंबर से पहले करें आवेदन

DRDO में 6 महीने की इंटर्नशिप, हर महीने 5,000; 28 सितंबर से पहले करें आवेदन

कॉलेज में पढ़ाई कर रहे इंजीनियरिंग और साइंस स्टूडेंट्स के लिए रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन यानी DRDO में इंटर्नशिप का मौका है। DRDO की कानपुर स्थित डिफेंस मेटेरियल एंड स्टोर्स रिसर्च एंड डेवलपमेंट एस्टेब्लिशमेंट (DMSRDE) लैब ने 2026 की पेड इंटर्नशिप के लिए आवेदन मांगे हैं। खास बात यह है कि चयनित छात्रों को इंटर्नशिप के दौरान हर महीने ₹5,000 का स्टाइपेंड दिया जाएगा।

यह इंटर्नशिप उन विद्यार्थियों के लिए उपयोगी हो सकती है जो अपनी पढ़ाई के साथ रिसर्च और डिफेंस सेक्टर के कामकाज को करीब से समझना चाहते हैं। कुल 9 सीटें उपलब्ध हैं और इंटर्नशिप की अवधि 6 महीने होगी। इच्छुक उम्मीदवारों को आवेदन की प्रक्रिया तय समय सीमा के भीतर पूरी करनी होगी।

किन विषयों के छात्रों को मिलेगा मौका?

DMSRDE कानपुर की यह इंटर्नशिप कुछ चुनिंदा इंजीनियरिंग और साइंस स्ट्रीम के विद्यार्थियों के लिए है। इसमें केमिकल इंजीनियरिंग, पॉलीमर साइंस एंड टेक्नोलॉजी, मटेरियल साइंस इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग और टेक्सटाइल इंजीनियरिंग शामिल हैं।

इसके अलावा केमिस्ट्री, मटेरियल साइंस और टेक्सटाइल विषयों के छात्र भी आवेदन कर सकते हैं।

उम्मीदवार किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन कर रहे हों या इंजीनियरिंग अथवा साइंस में पोस्ट ग्रेजुएशन के फुल टाइम कोर्स के अंतिम वर्ष में हों।

65 फीसदी अंक और उम्र की शर्त

इस इंटर्नशिप के लिए केवल शैक्षणिक रूप से बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को आवेदन का मौका मिलेगा। उम्मीदवार के अकादमिक रिकॉर्ड में कम से कम 65 प्रतिशत अंक होने चाहिए।

उम्र की बात करें तो आवेदन करने वाले अभ्यर्थी की आयु 28 वर्ष से कम होनी चाहिए। उम्र की गणना आवेदन की अंतिम तारीख के आधार पर की जाएगी।

आवेदन के लिए क्या करना होगा?

इस इंटर्नशिप के लिए आवेदन प्रक्रिया सामान्य ऑनलाइन फॉर्म से अलग है। उम्मीदवार को अपने कॉलेज के डीन, एचओडी, डायरेक्टर या प्रिंसिपल के माध्यम से रिक्वेस्ट लेटर तैयार करवाना होगा।

आवेदन फॉर्म का निर्धारित प्रारूप DRDO के नोटिफिकेशन से लेना होगा। इसमें उम्मीदवार को नाम, जन्मतिथि, आधार नंबर, कॉलेज का नाम और पता, मोबाइल नंबर, संबंधित डिसिप्लिन और ब्रांच कोड जैसी जानकारी भरनी होगी।

इसके साथ डिग्री, सीजीपीए, स्थायी पता और ईमेल आईडी जैसी जानकारी भी देनी होगी। फॉर्म में स्थान और तारीख दर्ज करने के बाद उम्मीदवार को अपने हस्ताक्षर करने होंगे।

कॉलेज लेटरहेड पर जरूरी है आवेदन

आवेदन से जुड़ा फॉर्म कॉलेज या संस्थान के लेटरहेड पर होना चाहिए। इस पर प्राचार्य या निदेशक के हस्ताक्षर भी जरूरी हैं। इसके अलावा उम्मीदवार को नाम, कोर्स, कॉलेज आईडी नंबर, मोबाइल नंबर और ईमेल जैसी व्यक्तिगत जानकारी देनी होगी।

आवेदन के साथ कुछ जरूरी दस्तावेज भी लगाने होंगे। इनमें कॉलेज का रिक्वेस्ट लेटर, हाई स्कूल की मार्कशीट, पिछले सेमेस्टर की मार्कशीट, फोटो पहचान पत्र और छात्र का बायोडाटा शामिल है।

इस पते पर भेजना होगा आवेदन

आवेदन की हार्ड कॉपी स्पीड पोस्ट या बाय हैंड DMSRDE कानपुर भेजी जा सकती है। आवेदन का पता है:

डायरेक्टर, रक्षा सामग्री और भंडार अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान (DMSRDE), रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO), जीटी रोड, कानपुर-208013।

आवेदन 28 सितंबर 2026 तक पहुंचना जरूरी है।

कैसे होगा छात्रों का चयन?

DRDO की इस इंटर्नशिप में उम्मीदवारों का चयन उनके सीजीपीए, ऑनलाइन इंटरव्यू या इंटरैक्शन और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को जॉइनिंग से संबंधित आगे की जानकारी उनके ईमेल के माध्यम से दी जाएगी।

उम्मीदवारों को फॉर्म भरते समय विशेष सावधानी रखनी होगी। अधूरी या गलत जानकारी वाले आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। ऐसे आवेदन सीधे खारिज किए जा सकते हैं और उनके संबंध में आगे संपर्क नहीं किया जाएगा।

छात्रों के लिए क्यों खास है यह मौका?

इस इंटर्नशिप के जरिए चयनित विद्यार्थियों को DRDO की कानपुर स्थित लैब में काम और रिसर्च से जुड़ा अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा। साथ ही 6 महीने की इंटर्नशिप के दौरान उन्हें हर महीने ₹5,000 भी मिलेंगे।

डिफेंस रिसर्च और संबंधित इंजीनियरिंग या साइंस क्षेत्र में आगे बढ़ने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए यह पढ़ाई के साथ व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का एक अवसर है।