धामी सरकार का बड़ा तोहफा: 1818 सरकारी नौकरियों का खुला रास्ता, जानिए किस विभाग में निकली सबसे ज्यादा सीटें

धामी सरकार का बड़ा तोहफा: 1818 सरकारी नौकरियों का खुला रास्ता, जानिए किस विभाग में निकली सबसे ज्यादा सीटें

सरकारी नौकरी की तैयारी में जुटे उत्तराखंड के युवाओं के लिए धामी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। राज्य प्रशासन ने विभिन्न विभागों में खाली पड़े कुल 1818 पदों पर सीधी भर्ती के लिए उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) को आधिकारिक अधियाचन भेज दिया है। इस फैसले से प्रदेश के प्रतियोगी छात्र-छात्राओं में उत्साह का माहौल है। 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पर मुहर लगाते हुए स्पष्ट किया कि युवाओं को उनकी योग्यता के दम पर समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से रोजगार दिलाना सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि राज्य में निष्पक्ष चयन व्यवस्था के जरिए अब तक 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवा में नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं और आगे की सभी परीक्षाएं भी पूरी जवाबदेही के साथ कराई जाएंगी।

किस विभाग में कितने पदों पर होगी बहाली

अधियाचन के ब्योरे के मुताबिक, सबसे बड़ी हिस्सेदारी पुलिस और सुरक्षा बलों की है। इसमें उत्तराखंड पुलिस आरक्षी (कांस्टेबल) के 1187 पद, उप निरीक्षक नागरिक पुलिस (एसआई) के 93 पद, उप निरीक्षक अभिसूचना (इंटेलिजेंस) के 19 पद और पीएसी/आईआरबी/एसडीआरएफ में प्लाटून कमांडर के 81 पद शामिल हैं।

इसके अलावा अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के 5 पद, कारागार विभाग में बंदी रक्षक के 117 पद, आबकारी विभाग में सिपाही के 50 पद और उप आबकारी निरीक्षक के 2 पदों पर भर्ती होगी। वन विभाग की ओर रुख करें तो युवाओं के लिए वन आरक्षी (फॉरेस्ट गार्ड) के 189 पद तथा स्पेशल टाइगर गार्ड के 75 महत्वपूर्ण पदों पर प्रक्रिया शुरू की जा रही है। आयोग जल्द ही इन रिक्तियों का विस्तृत विज्ञापन जारी कर आवेदन प्रक्रिया शुरू करेगा।