उत्तराखंड के जोशीमठ में बड़ा हादसा: बदरीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत सभी 6 लोगों की मौत
उत्तराखंड के चमोली जिले से शनिवार को बेहद दुखद खबर सामने आई है। बदरीनाथ धाम से श्रद्धालुओं को लेकर ऋषिकेश की ओर जा रहा ट्रांस भारत एविएशन का एक हेलीकॉप्टर जोशीमठ क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
प्राथमिक सूचना के अनुसार, इलाके में अचानक बिगड़े खराब मौसम और घने कोहरे के चलते चाई और थैंग (थायंग) गांव के ऊपरी पहाड़ी हिस्से में यह भीषण हादसा हुआ। इस दर्दनाक क्रैश में पायलट सहित हेलीकॉप्टर में सवार सभी 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही सेना, स्थानीय प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें तुरंत दुर्गम पहाड़ी इलाके में राहत और बचाव कार्य के लिए रवाना हो गईं।
पायलट हिमांशु उड़ा रहे थे हेलीकॉप्टर
हादसे का शिकार हुए हेलीकॉप्टर को पायलट हिमांशु उड़ा रहे थे। वहीं इसमें सवार पांच यात्रियों की पहचान चंद्रकांत, राजश्री, दिनेश, आकाश और अथर्व के रूप में की गई है। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने आधिकारिक तौर पर हादसे और जनहानि की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि भारतीय सेना के जरिए सबसे पहले स्थानीय प्रशासन को इस अनहोनी की सूचना मिली थी, जिसके बाद लोकेशन ट्रेस कर टीमों को सीधे घटनास्थल पर भेजा गया।
दर्दनाक हादसे पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने की बात कही है। सीएम ने जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन और एसडीआरएफ को संयुक्त रूप से तीव्र गति से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने और स्थिति को संभालने के सख्त निर्देश दिए हैं।