img

बिलासपुर में एसआई भर्ती नियुक्ति आदेश जारी करने की मांग को लेकर रविवार को कैंडिडेट्स बिलासपुर से रायपुर के लिए पैदल यात्रा पर निकल गए हैं। 120 किलोमीटर पैदल चलकर रायपुर पहुंचेंगे। प्रतियोगियों ने बताया कि पूरे राज्य में 1300 उम्मीदवार चयनित हुए हैं, लेकिन हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी उन्हें नियुक्ति आदेश नहीं दिया जा रहा है।

कैंडिडेट्स के अनुसार बीते 6 साल से एसआई भर्ती प्रक्रिया अटकी हुई है। 2018 में एसआई, प्लाटून कमांडर समेत 975 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई थी। कई चरणों में भर्ती के लिए एग्जाम लिए गए। शारीरिक दक्षता परीक्षा, इंट्रेस एग्जाम और मुख्य परीक्षा मई 2023 में आयोजित हुई। जिसके बाद सितंबर में साक्षात्कार के बाद चयन सूची जारी की गई थी। मगर नियुक्ति आदेश अब तक जारी नहीं किया गया। नियुक्ति आदेश जारी होने से परेशान होकर चयनित लोगों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। इसमें बताया कि भर्ती की सभी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और मेरिट लिस्ट भी जारी कर दी गई है।

नियुक्ति और पोस्टिंग आदेश जारी करने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री, राज्यपाल सहित नेताओं से मुलाकात की, जिसके बाद भी नियुक्ति आदेश जारी नहीं किया गया। हस्तक्षेपकर्ता प्रतियोगियों की तरफ से उनके वकील ने अर्जेंट हियरिंग के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। जिस पर सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने राज्य शासन को चुनाव आयोग से अनुमति लेकर नियुक्ति आदेश जारी करने को कहा था। 

--Advertisement--