img


लखनऊ। शनिवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति मुर्मू ने किसानों के मसीहा एवं पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह समेत देश की पांच विभूतियों को देश के सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न से नवाजा। चौधरी चरण सिंह को देश का सर्वोच्च सम्मान मिलने पर राष्ट्रीय लोक दल कार्यकर्ताओं में ख़ुशी की लहर है। शनिवार को आरएलडी के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों ने चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर मिठाइयां बांटी। आरएलडी ने इसे देश के किसानों एवं मजदूरों का सम्मान बताया है।

इस मौके पर राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय सचिव विजय श्रीवास्तव ने कहा कि देश के ईमानदार, महान अर्थशास्त्री, किसानों के मसीहा एवं पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को राष्ट्रपति द्वारा भारत रत्न देने से देश के अन्नदाता समाज ,मज़दूर समाज अल्पसंख्यक समाज और नौजवानों का मन प्रफुल्लित है। इस सम्मान से देश की राजनीति में गाँव, किसान और कमेरा समाज की प्रतिष्ठा में इजाफा होगा।

विजय श्रीवास्तव ने कहा कि चौधरी चरण सिंह के विचारों में विश्वास रखने वाला देश का हर राजनीतिक कार्यकर्ता आज अपने को गौरवन्वित महसूस कर रहा है। आरएलडी के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों ने चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कार्यक्रम में पार्टी के प्रमुख पदाधिकारी एवं बड़ी तादाद में कार्यकर्ता उपस्थित थे। 

--Advertisement--