त्योहारी सीजन में बहनों की बल्ले-बल्ले, महिलाओं के खाते में आ गए पूरे 1500-1500 रुपये
मध्य प्रदेश की सवा करोड़ से अधिक महिलाओं के लिए त्योहारी सीजन के बीच राज्य सरकार ने खुशियों का बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार, 13 नवंबर को शिवपुरी जिले के पिछोर स्थित छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह से 'मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना' की बहुप्रतीक्षित 42वीं किस्त जारी कर दी है।
सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की कुल 1 करोड़ 24 लाख 81 हजार 550 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1,500-1,500 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे ट्रांसफर की गई। इस किस्त के तहत राज्य सरकार ने 1,831 करोड़ 77 लाख रुपये से अधिक की भारी-भरकम राशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के जरिए सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजी है।
राज्य सरकार के निर्धारित नियमों के अनुसार, इस योजना का लाभ मध्य प्रदेश की मूल निवासी 21 से 60 वर्ष आयु वर्ग की विवाहित, विधवा, तलाकशुदा एवं परित्यक्ता महिलाओं को मिलता है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन पाने वाली उन पात्र महिलाओं को भी इस योजना में शामिल किया गया है, जिन्हें प्रतिमाह 1,500 रुपये से कम पेंशन मिलती है; सरकार नियमों के तहत अंतर की राशि उनके खाते में डालकर पूरा लाभ सुनिश्चित करती है।
यदि आप भी योजना की लाभार्थी हैं, तो बैंक शाखा के चक्कर लगाए बिना घर बैठे अपने मोबाइल से आधिकारिक पोर्टल पर भुगतान की स्थिति जांच सकती हैं। इसके लिए आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 'आवेदन एवं भुगतान की स्थिति' विकल्प चुनें, अपनी समग्र आईडी अथवा आवेदन क्रमांक दर्ज करें और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर मिले ओटीपी को प्रविष्ट कर लॉगिन करें। स्क्रीन पर 42वीं किस्त का पूरा ब्योरा आ जाएगा। इसके अलावा बैंक पासबुक प्रविष्टि और रजिस्टर्ड नंबर पर प्राप्त बैंक एसएमएस से भी खाते में रकम जमा होने की पुष्टि की जा सकती है।