चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव 2026: AAP ने जारी की 9 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, इन दिग्गजों के नाम देख उड़ जाएंगे होश

चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव 2026: AAP ने जारी की 9 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, इन दिग्गजों के नाम देख उड़ जाएंगे होश

चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव 2026 का बिगुल बजते ही राजनीतिक दलों ने अपनी चुनावी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपने प्रत्याशियों की पहली आधिकारिक सूची जारी कर दी है। पार्टी के चंडीगढ़ राज्य प्रभारी जरनैल सिंह और प्रदेश अध्यक्ष विजय पाल सिंह के संयुक्त हस्ताक्षरों से जारी इस पहली सूची में कुल 9 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई है। पार्टी ने इस बार महिला शक्ति पर बड़ा दांव खेलते हुए 9 में से 5 सीटों पर महिला प्रत्याशियों को टिकट थमाया है। इनमें गुरप्रीत कौर लाडी (वार्ड 21), अंजू कात्याल (वार्ड 22), राधिका ढींगरा (वार्ड 25), सतनाम कौर (वार्ड 30) और एडवोकेट अरुण प्रभा खुर्चा (वार्ड 32) का नाम प्रमुखता से शामिल है।

इस सूची में सबसे बड़ा बदलाव चंडीगढ़ के पूर्व मेयर कुलदीप कुमार की सीट को लेकर देखने को मिला है। साल 2021 के नगर निगम चुनाव में वार्ड नंबर 26 से पार्षद चुने गए कुलदीप कुमार को इस बार वार्ड नंबर 24 से मैदान में उतारा गया है। दरअसल, 2026 की नई वार्ड आरक्षण व्यवस्था के तहत वार्ड 26 को 'सामान्य (महिला)' वर्ग के लिए आरक्षित कर दिया गया है, जिसके चलते पार्टी ने रणनीतिक कदम उठाते हुए उन्हें अनारक्षित वार्ड 24 से टिकट दिया है। वहीं दूसरी तरफ, पार्टी ने मौजूदा पार्षद अंजू कात्याल पर दोबारा मजबूत भरोसा जताया है। अंजू कात्याल ने 2021 में वार्ड 22 से जीत हासिल की थी। हालांकि इस बार यह वार्ड महिला कोटे से बदलकर अनारक्षित सामान्य श्रेणी में आ चुका है, लेकिन पार्टी ने उनके काम और लोकप्रियता को देखते हुए दोबारा इसी वार्ड से प्रत्याशी बनाया है।

पार्टी द्वारा घोषित अन्य प्रत्याशियों में वार्ड 1 से दिलदार सिंह, वार्ड 23 से ओंकार सिंह औलख (सनी) और वार्ड 27 से अजित सिंह जीन्द को चुनावी समर में उतारा गया है। चंडीगढ़ के सभी 35 वार्डों में दिसंबर महीने में नगर निगम चुनाव प्रस्तावित हैं, जिसे लेकर राज्य चुनाव आयोग ने अपनी तैयारियां पूरी रफ्तार से शुरू कर दी हैं और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए पर्यवेक्षकों की तैनाती भी कर दी है। वर्तमान में चंडीगढ़ नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी (BJP) का मेयर काबिज है, जिसे उखाड़ फेंकने के लिए आम आदमी पार्टी ने जमीनी स्तर पर अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।