जेल में बंद TMC नेता जहांगीर खान पर एक्शन: अवैध बहुमंजिला घर पर चला प्रशासन का हथौड़ा

जेल में बंद TMC नेता जहांगीर खान पर एक्शन: अवैध बहुमंजिला घर पर चला प्रशासन का हथौड़ा

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना से तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कद्दावर नेता जहांगीर खान की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। जेल में बंद नेता के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार करते हुए उनके अवैध निर्माण को जमींदोज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के करीबी समर्थकों में गिने जाने वाले जहांगीर खान पर दक्षिण 24 परगना के फलता इलाके में नियमों को ताक पर रखकर अवैध बहुमंजिला इमारत खड़ी करने का गंभीर आरोप है। निर्माण से जुड़ी भारी अनियमितताओं की पुष्टि होने के बाद साउथ 24 परगना के जिलाधिकारी के आदेश पर यह ध्वस्तीकरण अभियान शुरू किया गया है, जहां कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।

प्रशासनिक टीम ने फलता स्थित जहांगीर खान के मकान में दाखिल होकर सबसे पहले अंदर रखा सारा फर्नीचर और घरेलू सामान बाहर निकलवाया। हालांकि, इलाके की भौगोलिक स्थिति के चलते इस कार्रवाई में बुलडोजर का इस्तेमाल नहीं हो पा रहा है। जहांगीर के घर तक जाने वाला रास्ता बेहद संकरा और तंग है, जिसके कारण वहां भारी मशीनें या बुलडोजर नहीं पहुंच सकते। यही वजह है कि प्रशासन ने अब दर्जनों मजदूरों की मदद से हथौड़ों और अन्य औजारों के जरिए इस अवैध इमारत को तोड़ने की कवायद शुरू की है।

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान फलता सीट से टीएमसी प्रत्याशी रहे जहांगीर खान अपने विवादित बयानों को लेकर पूरे देश में चर्चा में आए थे। उस दौरान उन्होंने चुनाव आयोग द्वारा राज्य में पुलिस पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए उत्तर प्रदेश के चर्चित एनकाउंटर स्पेशलिस्ट आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा को खुलेआम धमकी दी थी। जहांगीर ने फिल्मी अंदाज में चुनौती देते हुए कहा था कि खेल उन्होंने शुरू किया है लेकिन खत्म हम करेंगे, पिक्चर अभी बाकी है। उन्होंने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों को लेकर भी भड़काऊ टिप्पणी की थी कि अगर स्थानीय जनता सड़कों पर उतर आई तो केंद्रीय बल हवा में उड़ जाएंगे। अब उसी नेता के अवैध साम्राज्य पर कानूनी शिकंजा पूरी तरह कसता नजर आ रहा है।