गाय-बैल नहीं, यहां गोवर्धन पूजा पर सजते और पूजे जाते हैं गधे: राजस्थान में 71 सालों से निभाई जा रही अनूठी परंपरा

गाय-बैल नहीं, यहां गोवर्धन पूजा पर सजते और पूजे जाते हैं गधे: राजस्थान में 71 सालों से निभाई जा रही अनूठी परंपरा

देशभर में दिवाली के अगले दिन गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव पर जहां गाय और बैलों की पूजा का विधान है, वहीं राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के माण्डल कस्बे में एक बेहद अनोखी और दुर्लभ परंपरा देखने को मिलती है। यहां कुम्हार (प्रजापति) समाज के लोग इस पावन अवसर पर बैलों की जगह गधों की विशेष पूजा-अर्चना करते हैं। गोवर्धन पूजा की देर रात माण्डल के प्रतापनगर इलाके में इस अनूठे आयोजन को लेकर भारी उत्साह नजर आया, जिसे देखने के लिए कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

स्थानीय प्रजापति समाज के लिए गधे सदियों से रोजी-रोटी का मुख्य आधार रहे हैं। कुम्हार समुदाय के लोगों का कहना है कि जिस तरह किसान अपनी खेती में मददगार बैलों को पूजते हैं, उसी तरह वे मिट्टी ढोने और आजीविका चलाने वाले अपने गधों (जिन्हें प्रेम से 'वैशाख नंदन' कहा जाता है) के प्रति आभार जताते हैं। तालाबों से चिकनी मिट्टी लाने से लेकर बर्तनों के निर्माण में गधों का योगदान अमूल्य माना जाता है, इसलिए वर्षों से यह सम्मान की परंपरा निभाई जा रही है।

गोवर्धन पूजा के दिन रात करीब 9 बजे पूरा कुम्हार समाज एक स्थान पर एकत्र हुआ। पूजा से पहले गधों को अच्छी तरह नहला-धुलाकर साफ किया गया। इसके बाद उनके शरीर पर रंग-बिरंगे पारंपरिक डिजाइन बनाए गए, गले में ताजे फूलों की मालाएं पहनाई गईं और उन्हें आकर्षक रूप से सजाकर कस्बे के मुख्य चौक में लाया गया। पंडित और समाज के बुजुर्गों की मौजूदगी में विधि-विधान से गधों की आरती उतारी गई और उन्हें गुड़ खिलाकर मुंह मीठा कराया गया। पूजा संपन्न होने के बाद गधों के पैरों के पास पटाखे जलाकर उनकी पारंपरिक प्रतीकात्मक दौड़ भी आयोजित की गई।

माण्डल निवासी गोपाल कुम्हार ने बताया कि यह वैशाख नंदन पूजन का पर्व उनके कस्बे में बीते 71 सालों से अनवरत मनाया जा रहा है। पहले हर कुम्हार परिवार में गधे पाले जाते थे, हालांकि आधुनिक साधनों के आने से इनकी संख्या जरूर घटी है, लेकिन अपनी सांस्कृतिक जड़ों और पूर्वजों की परंपरा को समाज आज भी पूरी शिद्दत से निभा रहा है।