सत्ता गई तो खुद काम मांगने निकलीं स्मृति ईरानी, फोन पर इंडस्ट्री से कहा- ‘मुझे नौकरी चाहिए’
राजनीतिक गलियारों में अपनी आक्रामक भाषण शैली और दमदार अंदाज के लिए पहचानी जाने वाली पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी इन दिनों एक अलग ही वजह से चर्चा में हैं। साल 2024 के लोकसभा चुनाव में अमेठी लोकसभा सीट से हार का सामना करने के बाद उन्होंने अपनी जिंदगी के उस दौर पर पहली बार खुलकर बात की है जो किसी भी बड़े राजनेता के लिए आसान नहीं होता।
एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने अपने चुनावी पराजय को जीवन के प्रति नजरिया बदलने वाला और एक मुक्ति दिलाने वाला अनुभव बताया है। राजनीति के शिखर से अचानक फर्श पर आने के बाद उन्होंने जो किया, वह वाकई हैरान करने वाला है और आज के दौर में हर किसी के लिए एक बड़ी मिसाल बन चुका है।
खुद फोन उठाकर इंडस्ट्री के दिग्गजों से मांगा काम
चुनाव में हार मिलने के बाद जब बड़े-बड़े नेताओं के हौसले पस्त हो जाते हैं, तब स्मृति ईरानी ने एक नया रास्ता चुना। उन्होंने बिना किसी झिझक के अपना फोन उठाया और मीडिया तथा मनोरंजन जगत के तमाम बड़े लोगों से खुद संपर्क करना शुरू कर दिया। उन्होंने बिना लाग-लपेट के साफ कह दिया कि अब उनके पास कोई राजनीतिक नौकरी या पद नहीं है, इसलिए क्या उन्हें इंडस्ट्री में कोई काम मिल सकता है।
दिलचस्प बात यह है कि जियो-हॉटस्टार के वाइस चेयरमैन उदय शंकर, जो कभी टेलीविजन के बदलते दौर में उनकी नौकरी जाने की वजह बने थे, वही इस बार उनकी दोबारा वापसी का जरिया बने। जब उन्होंने उदय शंकर को फोन किया तो वे भी एक पल के लिए चौंक गए कि क्या वाकई एक पूर्व केंद्रीय मंत्री दोबारा एक्टिंग की दुनिया में लौटना चाहती है।
सेट पर लौटीं तो लोग बोले, हम तो दिहाड़ी मजदूर हैं
जब स्मृति ईरानी ने वापस शूटिंग के सेट पर कदम रखा तो वहां मौजूद क्रू मेंबर और कलाकार अवाक रह गए। उन्होंने खुद इस वाकये को याद करते हुए बताया कि लोग हैरान होकर कह रहे थे कि क्या यह सचमुच सेट पर वापस आ गई हैं, जबकि हम लोग तो महज दिहाड़ी मजदूर हैं। उनके मुताबिक यह अनुभव उनके लिए किसी मुक्ति जैसा था क्योंकि किसी ने यह कल्पना तक नहीं की थी कि हार के बाद एक कद्दावर नेता दोबारा जीरो से शुरुआत करते हुए काम की तलाश करेगी।
राजनीति में आने से पहले घर-घर में तुलसी वीरानी के नाम से अपनी खास पहचान बनाने वाली स्मृति ने जुलाई 2025 में अपने उसी पुराने और लोकप्रिय शो क्योंकि सास भी कभी बहू थी के जरिए टीवी पर धमाकेदार वापसी की, जिसे दर्शकों का बेशुमार प्यार मिला।