गुवाहाटी के होटल में खूनी खेल: लीज विवाद में 5 की हत्या, 1 घंटे में आरोपी अरेस्ट

गुवाहाटी के होटल में खूनी खेल: लीज विवाद में 5 की हत्या, 1 घंटे में आरोपी अरेस्ट

असम के गुवाहाटी से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शहर के बोरा सर्विस इलाके में स्थित होटल बिलास इन सोमवार रात गोलियों की तड़गड़ाहट से गूंज उठा। होटल के लीज एग्रीमेंट को लेकर हुए एक विवाद ने इतना भयानक रूप ले लिया कि पांच लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी और एक व्यक्ति घायल हो गया। घटना रात करीब 9:10 बजे की है जब लीजधारक और होटल मालिक के बीच चल रही पुरानी अनबन ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। गुवाहाटी के पुलिस कमिश्नर पार्थ सारथी महंता ने बताया कि पुलिस ने फौरन कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी घनकांत गोगोई को महज एक घंटे के भीतर धर दबोचा। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई .32-कैलिबर की लाइसेंसी पिस्तौल भी बरामद कर ली गई है।

बताया जा रहा है कि घनकांत गोगोई ने पिछले साल ही इस होटल को लीज पर लिया था और इसी एग्रीमेंट को लेकर उसका होटल मालिक के परिवार के साथ तनाव चल रहा था। सोमवार रात जब दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई तो गोगोई ने अपना आपा खो दिया और पिस्तौल से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए होटल के कर्मचारी भी इस अंधाधुंध फायरिंग की चपेट में आ गए। पुलिस के मौके पर पहुंचने तक रिसेप्शन एरिया पूरी तरह खून से लथपथ था। शुरुआत में चार शव बरामद हुए थे लेकिन बाद में मरने वालों का आंकड़ा पांच तक पहुंच गया। इनमें से चार लोग एक ही परिवार के सदस्य थे जो इसी होटल में काम करते थे।

मृतकों में हेलेना भराली, देबोर्शी कश्यप और नारायण दास की पहचान हो चुकी है जबकि अन्य की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। इस खौफनाक गोलीबारी में सत्येन पाठक नाम का एक व्यक्ति घायल हुआ है जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया और अब उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। जांच में यह बात भी सामने आई है कि होटल मालिक ने यह प्रॉपर्टी अलग-अलग लोगों को भी लीज पर दे रखी थी। पुलिस अब इस हत्याकांड की गहराई से जांच कर रही है ताकि विवाद की असल जड़ और इस खूनी खेल के पीछे के हर पहलू का खुलासा हो सके। इलाके में फिलहाल भारी पुलिस बल तैनात है और दहशत का माहौल है।