भारतीय वन सेवा उत्तर प्रदेश संवर्ग के सेवानिवृत्त वनाधिकारी पद्मश्री के0एम0 तिवारी के शताब्दी वर्ष के अवसर पर समारोह आयोजित

भारतीय वन सेवा उत्तर प्रदेश संवर्ग के सेवानिवृत्त वनाधिकारी पद्मश्री के0एम0 तिवारी के शताब्दी वर्ष के अवसर पर समारोह आयोजित

आज दिनांक 22 नवम्बर 2026 को वन विभाग मुख्यालय- अरण्य भवन के पारिजात कक्ष में सेवानिवृत्त वन अधिकारियों की सोसाइटी (SORFO) के सदस्यों तथा वन विभाग में कार्यरत वरिष्ठ वनाधिकारियों ने भारतीय वन सेवा उत्तर प्रदेश संवर्ग के सेवानिवृत्त वनाधिकारी पद्मश्री के0एम0 तिवारी के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित समारोह में श्री तिवारी को याद किया। इस अवसर पर पद्मश्री के0एम0 तिवारी के पुत्र मयंक तिवारी ने अपने पिता को श्रद्धांजलि देते हुए उनके द्वारा सरकारी सेवा तथा परिवार की देखभाल के मध्य समन्वय बनाये रखने के संस्मरण साझा किये। पद्मश्री के0एम0 तिवारी की पुत्री डा0 पुनम तिवारी तथा पौत्र सुमिष्ट कृष्ण तिवारी ने अपने पिता व दादा द्वारा परिवार के प्रति दायित्व निर्वहन, दृष्टिकोण तथा भूमिका का उल्लेख करते हुए भावुक हो गये।

सेवानिवृत्त, प्रधान मुख्य वन संरक्षक व सेवानिवृत्त वन अधिकारियों की सोसाइटी (SORFO) के सदस्य मो0 अहसन ने कहा कि श्री तिवारी ने देश में सामाजिक वानिकी का शुभारम्भ किया तथा वास्तव में वे सामाजिक वानिकी के शिल्पकार थे। श्री तिवारी ने देश में प्रथम सामाजिक वानिकी परियोजना तैयार की तथा वर्ष 1978-79 से वर्ष 1981 तक अध्यक्ष, वन अनुसंधान संस्थान, देहरादून में प्रतिनियुक्ति में जाने तक उन्हांेने प्रदेश में सामाजिक वानिकी का क्रियान्वयन सफलतापूर्वक किया। श्री तिवारी ने वन अनुसंधान संस्थान देहरादून में देश के प्रथम सामाजिक वानिकी संग्रहालय स्थापित किया। मो0 अहसन ने कहा कि कनिष्ठ अधिकारी के रूप में उन्हें तथा अन्य वनाधिकारियों को श्री तिवारी से वानिकी का तकनीकी व व्यावहारिक पक्ष सीखने तथा समाज के निर्धन व निर्बल वर्ग के उत्थान की दिशा में कार्य करने की प्ररेणा व सीख मिली।

सेवानिवृत्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक व सेवानिवृत्त वन अधिकारियों की सोसाइटी (SORFO) के अध्यक्ष, डी0एन0एस0 सुमन, सागर सेवानिवृत्त, पुलिस महानिदेशक, एम0सी0 द्विवेदी, भारतीय प्रशासनिक सेवा से सेवानिवृत्त आर0के0 ओझा तथा सेवानिवृत्त वनाधिकारी, ओ0पी0 सिंह, आर0पी0 तिवारी, आर0एस0 शुक्ला तथा सुरित कुमार सक्सेना ने सेवाकाल में पद्मश्री के0एम0 तिवारी के निर्देशन में अर्जित अनुभव सांझा करते हुए कहा कि वे एक दक्ष व संवेदनशील वनाधिकारी होने के साथ ही कनिष्ठ वनाधिकारियों तथा कर्मचारियों के साथ मित्रवत् व्यवहार करते तथा उन्हें वानिकी की तकनीकी बारिकियों से एक शिक्षक की भांति  समझाते थे। मुख्य वन संरक्षक, कोर्टकेस, श्री प्रमोद कुमार गुप्ता ने पद्मश्री के0एम0 तिवारी की दृष्टि तथा कार्य पद्धति पर प्रकाश डाला।

पद्मश्री के0एम0 तिवारी का जन्म 01 फरवरी 1926 को हुआ था। वे 01 फरवरी 1984 को विभाग से सेवानिवृत्त हुए। स्व0 के0एम0 तिवारी वानिकी के माध्यम से देश की उत्कृष्ट सेवा करने के लिए महामहिम राष्ट्रपति, भारत से वर्ष 26 जनवरी 1984 को पद्मश्री पुरस्कार से अलंकृत होने वाले प्रथम सेवारत् वनाधिकारी है। इस अवसर पर वन विभाग मुख्यालय परिसर में पद्मश्री के0एम0 तिवारी के पुत्र मयंक तिवारी व  पौत्र सुष्मित कृष्ण तिवारी ने सेवानिवृत्त वनाधिकारी के0डी0 सिंह द्वारा भेंट किये गये रूद्राक्ष पौध रोपित किया।

सेवानिवृत्त वनाधिकारी व सेवानिवृत्त वन अधिकारियों की सोसाइटी (SORFO) के सदस्य श्री आर0के0 सिंह ने अतिाथियों का स्वागत तथा स्व0 श्री के0एम0 तिवारी की पुत्री श्रीमती रचना तिवारी तथा सेवानिवृत्त वनाधिकारी व सेवानिवृत्त वन अधिकारियों की सोसाइटी (SORFO) के सदस्य श्री बी0सी0 तिवारी ने समस्त अभ्यागतों को धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त वन अधिकारियों की सोसाइटी (SORFO) के सदस्यों तथा वन विभाग मुख्यालय में कार्यरत वनाधिकारियों ने पारिजात सभाकक्ष तथा फील्ड में कार्यरत वनाधिकारियों द्वारा वीडियों कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रतिभाग किया।