अभिषेक बनर्जी के घर के बाहर चला बुलडोजर: फुटपाथ खाली, TMC सांसद बोले- जान पर खतरा

अभिषेक बनर्जी के घर के बाहर चला बुलडोजर: फुटपाथ खाली, TMC सांसद बोले- जान पर खतरा

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के हाई-प्रोफाइल कालीघाट इलाके में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब कोलकाता नगर निगम (KMC) की टीम बुलडोजर और डंपर लेकर सीधे तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद अभिषेक बनर्जी के आवास के बाहर पहुंच गई। निगम कर्मियों ने फुटपाथ पर बांस की मदद से बनाए गए अस्थायी ढांचे को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, इस निर्माण की वजह से रास्ता संकरा हो गया था और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

बुधवार देर रात शुरू हुआ यह अतिक्रमण हटाओ अभियान गुरुवार सुबह भारी मशीनरी की मौजूदगी में पूरा किया गया। किसी भी संभावित विरोध या टकराव को टालने के लिए मौके पर भारी संख्या में केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। दरअसल, यह सख्त प्रशासनिक कार्रवाई अभिषेक बनर्जी के 39वें जन्मदिन के जश्न के दौरान घर के ठीक बाहर टीएमसी और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच हुई हिंसक भिड़ंत के तुरंत बाद हुई है, जहां मामूली कहासुनी देखते ही देखते पथराव और मारपीट में तब्दील हो गई थी। सड़क किनारे बना ढांचा हटने के बाद अब सांसद के आवास के सामने का फुटपाथ आम लोगों के चलने के लिए पूरी तरह साफ कर दिया गया है।

दूसरी तरफ, इस पूरे घटनाक्रम ने गंभीर राजनीतिक रंग ले लिया है। टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने दावा किया है कि उन पर जानलेवा हमले की साजिश रची जा रही है। उन्होंने बीजेपी समर्थकों पर इलाके के टीएमसी कार्यालय में तोड़फोड़ करने का आरोप जड़ा। साथ ही, बनर्जी ने आरोप लगाया कि कोलकाता पुलिस के जवान सरकारी गाड़ियों का इस्तेमाल कर उनके घर और निजी गतिविधियों की रेकी कर रहे थे। उन्होंने 7 नवंबर के कथित हमले का जिक्र करते हुए नाराजगी जताई कि कई दिन बीत जाने के बाद भी कोई गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई। उन्होंने इस मामले में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से दखल देने की मांग करते हुए सवाल उठाया कि एक निर्वाचित सांसद की इस तरह की निगरानी को मंजूरी किसने दी। बनर्जी के अनुसार, देर रात करीब 2 बजे उनके आवास को निशाना बनाया गया, जिसे रोकने में स्थानीय पुलिस विफल रही।