शेख हसीना के एक ऐलान से फिर जला बांग्लादेश! 21 जिलों में पेट्रोल बम और धमाके, जिंदा जले लोग

शेख हसीना के एक ऐलान से फिर जला बांग्लादेश! 21 जिलों में पेट्रोल बम और धमाके, जिंदा जले लोग

ढाका समेत बांग्लादेश के 21 जिलों में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के वतन वापसी के ऐलान के बाद अचानक हालात बेकाबू हो गए हैं। सोमवार रात से शुरू हुआ हिंसक उपद्रव मंगलवार शाम तक देश के बड़े हिस्से में फैल गया, जहां उपद्रवियों ने दर्जनों बसों, ट्रेनों और सार्वजनिक संपत्तियों को निशाना बनाया।

ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस और पुलिस मुख्यालय के आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटों में 11 जिलों में कम से कम 22 वाहनों को पेट्रोल बम से जला दिया गया, जबकि राजधानी और छह अन्य जिलों में 28 से अधिक स्थानों पर देसी बम धमाके दर्ज किए गए। फरीदपुर में एक बस में लगाई गई आग की चपेट में आने से 55 वर्षीय चालक की झुलसकर मौत हो गई। राजधानी ढाका के फार्मगेट मेट्रो स्टेशन, मीरपुर-11 और पल्लवी जैसे व्यस्त इलाकों में खड़ी यात्री बसों को दिनदहाड़े आग के हवाले किया गया, जिसके चलते कई प्रमुख सरकारी दफ्तरों और शिक्षण संस्थानों के मुख्य द्वार सुरक्षा कारणों से बंद करने पड़े।

प्रशासन और स्थानीय पुलिस ने इन हिंसक वारदातों, आगजनी और चक्का जाम के पीछे शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग और उसकी छात्र शाखा छात्र लीग के कार्यकर्ताओं का हाथ बताया है। वहीं दूसरी ओर, गारमेंट और कपड़ा उद्योग के मजदूर न्यूनतम वेतन को 30 हजार टका करने की मांग को लेकर पहले से ही सड़कों पर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, जिसे राजनीतिक अस्थिरता ने और अधिक हिंसक मोड़ दे दिया है।

इस निरंतर अशांति के चलते बांग्लादेश की अर्थव्यवस्था चरमरा गई है; विकास दर 6 फीसदी से गिरकर 3.3 प्रतिशत पर आ चुकी है, 100 से अधिक कारखाने बंद हो चुके हैं, विदेशी मुद्रा भंडार घटकर 21 अरब डॉलर रह गया है और 21 लाख से अधिक लोगों का रोजगार छिन चुका है। इसी बीच ढाका से सामने आई खुफिया रिपोर्टों में यह खुलासा भी हुआ है कि करीब 150 चीनी सोशल मीडिया व्लॉगर्स ढाका की झुग्गियों को भारत की राजधानी दिल्ली बताकर फर्जी वीडियो प्रसारित कर रहे हैं, ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि को नुकसान पहुंचाया जा सके।