एक ही दिन में दो बड़े रेल हादसे! कानपुर से असम तक पटरी से उतरे डिब्बे, मची भारी अफरा-तफरी!
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर सात से गोरखपुर के लिए रवाना हो रही चौरी चौरा एक्सप्रेस अचानक बेपटरी हो गई। ट्रेन ने जैसे ही ग्रीन सिग्नल मिलने के बाद आगे बढ़ना शुरू किया, कुछ ही दूरी पर थर्ड एसी के चार कोच (B4, B5, B6 और B7) झटके के साथ ट्रैक से नीचे उतर गए। अचानक हुए इस हादसे से स्टेशन परिसर और यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई, हालांकि ट्रेन की गति बेहद धीमी होने के कारण एक बड़ा रेल हादसा टल गया और किसी भी यात्री के हताहत होने की खबर नहीं है। सूचना मिलते ही उत्तर मध्य रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी दल मौके पर पहुंच गए हैं। फिलहाल प्रभावित ट्रैक पर परिचालन बाधित है और डिब्बों को री-रेल करने का काम युद्धस्तर पर जारी है।
इससे पहले पूर्वोत्तर के असम में भी एक रेल दुर्घटना सामने आई। कामरूप जिले के डिगारू रेलवे स्टेशन के पास सुबह करीब 6:54 बजे सायरंग-कोलकाता एक्सप्रेस के इंजन सहित पांच कोच पटरी से उतर गए। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुताबिक, दूसरी ट्रेन को क्रॉसिंग देने के लिए लूप लाइन पर लेते वक्त लोको पायलट के गति नियंत्रित न कर पाने से यह घटना हुई। इस हादसे में चार यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें नजदीकी सोनापुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार दिया गया। राहत ट्रेन की मदद से ट्रैक साफ कर इस रूट पर ट्रेनों का संचालन दोबारा सुचारू कर दिया गया है।