हाथ में फटा अनार, दिल्ली में 10 साल के मासूम की दर्दनाक मौत; MP के सिवनी में घर में आग से 6 जिंदा जले

हाथ में फटा अनार, दिल्ली में 10 साल के मासूम की दर्दनाक मौत; MP के सिवनी में घर में आग से 6 जिंदा जले

त्योहार के जश्न के बीच राजधानी दिल्ली और मध्य प्रदेश से दो दिल दहला देने वाले हादसों की खबर सामने आई है। दिल्ली के नरेला इलाके में रविवार रात पटाखा जलाते समय हुए भीषण विस्फोट में 10 साल के एक बच्चे की जान चली गई, वहीं मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में एक मकान में आग लगने से परिवार के छह लोगों की झुलसकर मौत हो गई।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, नरेला में रविवार रात करीब 9:45 बजे 10 वर्षीय मासूम अपने घर के बाहर हाथ में रखे गमले में अनार (पटाखा) रखकर सुलगाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान पटाखा अचानक हाथ में ही फट गया। धमाका इतना तेज था कि बारूद सीधे बच्चे के सीने में जा लगा, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। रात करीब 10:50 बजे अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले में कानूनी कार्रवाई करते हुए यह जांच कर रही है कि पटाखा किस श्रेणी का था और विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ।

इससे ठीक पहले रविवार रात करीब 8:33 बजे नरेला इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक रबर फैक्ट्री में भी भीषण आग लग गई थी, जिस पर काबू पाने के लिए दिल्ली फायर सर्विस की 7 गाड़ियों को मौके पर तैनात करना पड़ा था।

दूसरी ओर, मध्य प्रदेश के सिवनी जिले से एक भीषण अग्निकांड की दर्दनाक खबर सामने आई है। छपारा शहर के महावीर वार्ड में स्थित जैन मंदिर के पास सुनार कुंदन लाल सोनी के तीन मंजिला मकान में दिवाली के अगले दिन तड़के करीब 4 से 4:30 बजे के बीच आग भड़क उठी। देखते ही देखते लपटों ने पूरे मकान को चपेट में ले लिया। हादसे के वक्त घर में 10 लोग मौजूद थे, जिनमें से 6 लोगों की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

सब-डिविजनल ऑफिसर ऑफ पुलिस (SDOP) अपूर्वा भलावी ने बताया कि मृतकों में तीन महिलाएं और एक नाबालिग शामिल हैं। मृतकों की पहचान कुंदन लाल सोनी (75), उनकी पत्नी राजकुमारी सोनी (65), रितु सोनी (42), स्मृति सोनी (40), सूर्या सोनी (45) और आदित्य सोनी (16) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। चार घायलों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल आग लगने के असली कारणों का पता लगाया जा रहा है।