पेट्रोल की छुट्टी! अब 100% इथेनॉल से दौड़ेंगी गाड़ियां, केंद्र सरकार ने जारी किए नए नियम!

पेट्रोल की छुट्टी! अब 100% इथेनॉल से दौड़ेंगी गाड़ियां, केंद्र सरकार ने जारी किए नए नियम!

भारत सरकार के सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने देश के ऑटोमोबाइल सेक्टर और आम आदमी के लिए एक बड़ा और क्रांतिकारी कदम उठाया है। सोमवार को केंद्रीय मोटर वाहन नियमों में अहम संशोधन की अधिसूचना जारी कर दी गई है। इस बड़े फैसले के बाद अब भारत की सड़कों पर 100 प्रतिशत इथेनॉल यानी E100 फ्यूल से चलने वाली अत्याधुनिक फ्लेक्स-फ्यूल गाड़ियों के दौड़ने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। नई तकनीक से लैस ये फ्लेक्स-फ्यूल गाड़ियां न केवल E100 बल्कि E85 (85 प्रतिशत इथेनॉल और 15 प्रतिशत पेट्रोल के मिश्रण) ईंधन पर भी शानदार माइलेज और परफॉर्मेंस देने में सक्षम होंगी।

इन कारों में नही किया जा सकेगा E85 या E100 पेट्रोल

वाहन चालकों को इस बात का खास ध्यान रखना होगा कि E85 या E100 जैसे हाई-इथेनॉल फ्यूल का इस्तेमाल सामान्य या पुरानी कारों में बिल्कुल नहीं किया जा सकेगा। मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि 20 प्रतिशत से ज्यादा इथेनॉल वाले ईंधन को केवल उन्हीं विशेष गाड़ियों में भरा जा सकेगा जिन्हें खास तौर पर फ्लेक्स इंजन के साथ डिजाइन और सर्टिफाई किया गया है। इसका सीधा मतलब है कि अगर आपके पास E20 या नॉर्मल पेट्रोल से चलने वाली पुरानी गाड़ी है, तो आप उसमें भूलकर भी E100 फ्यूल का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे। नियमों में इस बदलाव के साथ ही सरकार ने हल्के पेट्रोल और डीजल वाहनों के लिए निर्धारित वजन सीमा को भी 3000 किलोग्राम से बढ़ाकर 3500 किलोग्राम कर दिया है। इसके अलावा वाहन वर्गीकरण और एमिशन टेस्टिंग के तकनीकी मानकों को भी नए ईंधनों के हिसाब से अपडेट कर दिया गया है।

सरकार की इस बड़ी पहल का मुख्य उद्देश्य महंगे कच्चे तेल के आयात पर भारत की भारी निर्भरता को कम करना और पेट्रोल में इथेनॉल ब्लेंडिंग को बढ़ावा देना है। देश के पेट्रोल पंपों पर 20 प्रतिशत इथेनॉल वाला E20 पेट्रोल पहले से ही उपलब्ध है, और अब ऑटोमोबाइल कंपनियां पूरी तरह इथेनॉल से चलने वाली कारों के निर्माण पर जोर दे रही हैं। मारुति सुजुकी ने इसी साल जून में भारत की पहली फ्लेक्स-फ्यूल पैसेंजर कार 'वैगनआर' शोकेस की थी, जो E20 से लेकर E100 तक किसी भी फ्यूल पर दौड़ सकती है। अब मारुति की तर्ज पर टाटा मोटर्स, टोयोटा और हुंडई जैसी दिग्गज कंपनियां भी तेजी से भारतीय बाजार के लिए अपनी नई फ्लेक्स-फ्यूल गाड़ियां तैयार कर रही हैं। फ्लेक्स फ्यूल के अलावा सरकार जल्द ही B100 बायोडीजल और हाइड्रोजन-सीएनजी मिक्स फ्यूल को भी सड़कों पर उतारने की पुख्ता तैयारी कर रही है।