बेंगलुरु एयरपोर्ट पर हाई-वोल्टेज ड्रामा: YS शर्मिला का काफिला पुलिस ने घेरा, अपने ही महल में एंट्री बैन!
बेंगलुरु के केंपेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास रविवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब आंध्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष वाईएस शर्मिला के काफिले को पुलिस ने येलहंका पैलेस जाने से रोक दिया। शर्मिला अपनी मां वाईएस विजयम्मा, बेटे राजा रेड्डी और बहू प्रिया अतलुरी के साथ हैदराबाद से बेंगलुरु पहुंची थीं। परिवार का इरादा शहर स्थित अपने आलीशान 'येलहंका पैलेस' जाने का था, लेकिन एयरफोर्स स्टेशन के पास तैनात भारी पुलिस बल ने गाड़ियों को आगे नहीं बढ़ने दिया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने एक अदालती अंतरिम निषेधाज्ञा का हवाला देते हुए साफ कर दिया कि बंगले परिसर में उनके प्रवेश पर कानूनी रोक लगी है।
अचानक रोके जाने पर शर्मिला और पुलिस अफसरों के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक हुई। नाराज शर्मिला ने मौके पर सवाल दागा कि अपने ही पैतृक आशियाने में कदम रखना कब से गैरकानूनी हो गया। हालांकि कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए डीसीपी जीके मिथुन कुमार ने स्पष्ट किया कि कोर्ट के स्पष्ट आदेश के चलते शर्मिला, उनके परिजनों या प्रतिनिधियों को प्रॉपर्टी में जाने की अनुमति नहीं दी जा सकती। पुलिस द्वारा आदेश की प्रति दिखाए जाने के बाद शर्मिला परिवार सहित शहर के एक निजी होटल के लिए रवाना हो गईं।
इस पूरे विवाद की जड़ में पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी और उनकी बहन शर्मिला के बीच चल रहा पुराना संपत्ति विवाद है। जगन का दावा है कि येलहंका फार्महाउस उनकी निजी कमाई से खरीदा गया है और यह उनकी सास के नाम पर दर्ज है, लिहाजा इस पर किसी अन्य का अधिकार नहीं बनता। दूसरी तरफ शर्मिला का कहना है कि यह संपत्ति उनके पिता स्वर्गीय वाईएस राजशेखर रेड्डी की बनाई हुई पुश्तैनी धरोहर है, जिस पर बेटी होने के नाते उनका बराबर का हक है। शर्मिला हाल ही में सगाई के बंधन में बंधी अपनी बेटी अंजलि की शादी इसी येलहंका पैलेस में आयोजित करना चाहती थीं, लेकिन जगन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देकर इसकी इजाजत देने से इनकार कर दिया था। वर्ष 2021 में राजनीतिक और पारिवारिक रास्ते अलग होने के बाद से दोनों भाई-बहन के बीच सरस्वती पावर प्रोजेक्ट सहित तमाम परिसंपत्तियों को लेकर कानूनी और सियासी तकरार लगातार गहराती जा रही है।