ईरान पर फूटा ट्रंप का गुस्सा: 'एक हफ्ते में दागीं सबसे ज्यादा मिसाइलें', सैन्य एक्शन की तैयारी में अमेरिका!

ईरान पर फूटा ट्रंप का गुस्सा: 'एक हफ्ते में दागीं सबसे ज्यादा मिसाइलें', सैन्य एक्शन की तैयारी में अमेरिका!

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि 3 नवंबर के मिडटर्म चुनावों के बाद ईरान ने अपने ड्रोन और मिसाइल हमले तेज कर दिए हैं। ट्रंप का आरोप है कि तेहरान के नेता डेमोक्रेट्स को कमजोर और बेअसर मानते हैं, जिसके चलते तनाव बढ़ा है।

ट्रुथ सोशल पर लिखे एक पोस्ट में ट्रंप ने चुनाव से पहले की अपनी चेतावनियों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने पहले ही आगाह किया था कि डेमोक्रेट्स के जीतने पर शेयर बाजार में बड़ी गिरावट आएगी और ईरान और ज्यादा आक्रामक हो जाएगा। उनके मुताबिक, पिछले एक हफ्ते के दौरान ईरान ने एक साल से अधिक समय में सबसे ज्यादा ड्रोन और मिसाइल दागे हैं। उन्होंने ईरान में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हुई कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि हालात वैसा ही रूप ले रहे हैं जैसा उन्होंने पहले बताया था।

ट्रंप ने कच्चे तेल की कीमतों को लेकर भी डेमोक्रेट्स और ईरान पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों पक्ष तेल के दाम ऊंचे रखने की कोशिश करते रहे हैं, जबकि चुनाव के बाद से तेल की कीमतों में रिकॉर्ड स्तर पर गिरावट दर्ज की गई है। मिडटर्म नतीजों को लेकर असंतोष जताते हुए ट्रंप ने चुनाव प्रक्रिया को अजीब करार दिया और कहा कि मतदाता फैसला करने से पहले जमीनी हकीकत को पूरी तरह समझ नहीं पाए। हालांकि उन्होंने भरोसा जताया कि अंततः जीत अमेरिका की ही होगी और देश को कोई बड़ा नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।

इससे पहले फॉक्स न्यूज की एक रिपोर्ट में बताया गया था कि समझौता न होने की स्थिति में ट्रंप नए साल के बाद ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई के लिए तैयार हैं। ईरानी नेतृत्व के बातचीत के तरीके पर तंज कसते हुए उन्होंने तेहरान को टालमटोल करने वाला बताया और कहा कि बिना ठोस नतीजे के सिर्फ बयानबाजी चलती रहती है। ट्रंप ने टैंकर नाकेबंदी को लेकर भी कड़ी चेतावनी दी और कहा कि यदि ईरान ने इसे चुनौती देने की कोशिश की तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। वाशिंगटन और तेहरान के बीच बढ़ती खींचतान और बातचीत की शर्तों को लेकर जारी मतभेदों के बीच ट्रंप के इन बयानों ने वैश्विक स्तर पर हलचल बढ़ा दी है।