पंबा नदी में कपड़े छोड़े तो सीधा केस दर्ज! प्रशासन का नया फरमान, 15 दिन में भरना होगा भारी जुर्माना

पंबा नदी में कपड़े छोड़े तो सीधा केस दर्ज! प्रशासन का नया फरमान, 15 दिन में भरना होगा भारी जुर्माना

केरल के प्रसिद्ध सबरीमाला भगवान अयप्पा मंदिर की तीर्थयात्रा के दौरान पवित्र पंबा नदी में कपड़े फेंकने पर अब 5,000 रुपये तक का जुर्माना लगेगा। नदी में बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने कड़े प्रतिबंध लागू किए हैं। हर साल दिसंबर और जनवरी में मकरविलक्कू उत्सव के दौरान देशभर से लाखों श्रद्धालु भगवान अयप्पा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं और परंपरा के तहत पंबा नदी में स्नान करते हैं। प्रशासन के अनुसार, स्नान के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने कपड़े नदी में ही छोड़ देते हैं, जिससे उत्सव के दिनों में रोजाना कई टन कपड़े जमा होकर नदी को प्रदूषित करते हैं। इसी समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने यह सख्त कदम उठाया है।

नए आदेश के तहत BNSS, 2023 की धारा 163 और केरल पंचायत राज अधिनियम, 1994 की धारा 219N(1) व (3) के अंतर्गत नदी में कपड़े या कचरा फेंककर प्रदूषण फैलाने वालों पर मौके पर ही 5,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकेगा। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई व्यक्ति 15 दिन के भीतर जुर्माने की राशि जमा नहीं करता है, तो उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 279 तथा जल (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम, 1974 की धारा 24 व 43 के तहत कानूनी मुकदमा चलाने समेत अन्य कार्रवाई की जाएगी। नदी और मंदिर क्षेत्र की स्वच्छता को लेकर वीडी सतीशन ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपील करते हुए श्रद्धालुओं से पवित्र नदी में कपड़े, प्लास्टिक या अन्य कचरा न डालने का आग्रह किया है, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए इसकी पवित्रता सुरक्षित रह सके।

मकरविलक्कू सबरीमाला मंदिर का प्रमुख वार्षिक आयोजन है, जिसके तहत मकर संक्रांति के अवसर पर दूर स्थित पहाड़ी पर मकर ज्योति के दर्शन और दीये प्रज्वलित करने की परंपरा निभाई जाती है। भारी भीड़ और धार्मिक आस्था के बीच प्रशासन ने श्रद्धालुओं से नदी की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग देने की अपील की है, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ तीर्थयात्रा की गरिमा भी बनी रहे।