खौफनाक वारदात: आधी रात प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक की हत्या, आंगन में पेट्रोल डालकर जलाया शव

खौफनाक वारदात: आधी रात प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक की हत्या, आंगन में पेट्रोल डालकर जलाया शव

ओडिशा के देवगढ़ जिले से ऑनर किलिंग जैसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रियामाल थाना क्षेत्र के बाबराकोट गांव में बुधवार देर रात 28 वर्षीय युवक सिलु राय की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इतना ही नहीं, साक्ष्य मिटाने के इरादे से आरोपियों ने घर के आंगन में ही युवक के शव पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव और सनसनी का माहौल है।

दो साल पुराना अफेयर और शादी को लेकर तकरार

मृतक सिलु राय और आरोपी परिवार की युवती के बीच पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध चल रहा था। सिलु कुछ समय से गांव से बाहर रह रहा था और बुधवार शाम को ही वापस लौटा था। देर रात करीब 11 बजे वह प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि दोनों के अलग-अलग जातियों से होने के कारण युवती के परिजन इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे। सिलु युवती से शादी करने की जिद पर अड़ा था, जिसको लेकर पहले भी दोनों पक्षों में तनातनी हो चुकी थी।

विवाद के बाद जानलेवा हमला, आंगन में आग के हवाले किया शव

घर पहुंचने के बाद सिलु और युवती के परिजनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते खूनी झड़प में बदल गई। आरोप है कि युवती के पिता नरोत्तम बेहेरा और अन्य परिजनों ने मिलकर सिलु पर लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण सिलु ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को छिपाने के लिए आरोपियों ने सिलु के शव को आंगन में रखा और पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया।

पुलिस ने दर्ज की FIR, युवती समेत तीन हिरासत में

वारदात की सूचना मिलते ही रियामाल थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। देवगढ़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज चोपदार ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर नरोत्तम बेहेरा सहित कुल सात नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती और उसके परिवार के दो सदस्यों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ शुरू कर दी है।

फोरेंसिक टीम और साइंटिफिक जांच से खुलेगा पूरा राज

घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए राज्य फोरेंसिक और साइंटिफिक टीम को मौके पर बुलाया गया है। वैज्ञानिक दल द्वारा जले हुए अवशेष और भौतिक साक्ष्य एकत्र करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए देवगढ़ जिला मुख्यालय अस्पताल भेजा जाएगा। पुलिस का कहना है कि हत्याकांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।