तेलंगाना में भीषण सड़क हादसा: बेकाबू टैंकर ने ऑटो को रौंदा, 5 की दर्दनाक मौत, मची चीख-पुकार

तेलंगाना में भीषण सड़क हादसा: बेकाबू टैंकर ने ऑटो को रौंदा, 5 की दर्दनाक मौत, मची चीख-पुकार

तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा (Telangana Road Accident) सामने आया है। जिले के सतवार इलाके के पास एक तेज रफ्तार बेकाबू टैंकर ने सवारियों से भरे एक ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी।

यह भिड़ंत इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। इस दर्दनाक घटना में ऑटो सवार 5 लोगों की जान चली गई, जबकि 7 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रोजी-रोटी की तलाश में निकला था परिवार, पलक झपकते बिछ गई लाशें

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि क्षतिग्रस्त ऑटो में कुल 12 लोग सवार थे, जिनमें 11 महिलाएं थीं। ये सभी लोग पड़ोसी राज्य कर्नाटक के बीदर जिले के रहने वाले खेतिहर मजदूर थे। जानकारी के मुताबिक, ये सभी महिलाएं रोजी-रोटी की तलाश में काम के सिलसिले से जहीराबाद जा रही थीं। मृतकों की पहचान रेखा, श्रीदेवी, कविता, रेशमा और ऑटो चालक देवदास के रूप में हुई है। घटना के बाद से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

सीएम रेवंत रेड्डी ने जताया गहरा दुख

इस भीषण सड़क हादसे की खबर मिलते ही तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी (CM Revanth Reddy) ने गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति शोक जताते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। सीएम ने कहा है कि अस्पताल में भर्ती सभी घायलों को तत्काल और बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जाए। साथ ही, उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि इलाज में किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही न बरती जाए।