पति ने गर्भवती पत्नी के मुंह में कपड़ा ठूंसा और; एक खौफनाक घटना सामने आई, जिसे सुनकर रोंगटे हो जाएंगे खड़े
गुजरात के खेड़ा जिले से एक बेहद खौफनाक घटना सामने आई है। एक पति ने अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर, अपनी पत्नी अरुणाबेन सोढ़ा की बेरहमी से हत्या कर दी। अरुणाबेन 13 हफ्ते की गर्भवती थीं। आरोपियों ने महिला के हाथ-पैर बांध दिए और जबरदस्ती उसके मुंह में 'नैनो यूरिया' (एक जहरीला पदार्थ) डाल दिया। इसके बाद, उन्होंने इस तरह का माहौल बनाया जैसे कि यह आत्महत्या का मामला हो। हालांकि, पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सच सामने आ गया। इस मामले में पति समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 17 अक्टूबर की रात गर्भवती अरुणाबेन के पेट में तेज दर्द होने लगा। उन्होंने अपने पति मितुल से कई बार डॉक्टर के पास ले जाने की गुहार लगाई, लेकिन मितुल ने उनकी एक न सुनी और अपने मोबाइल फोन में ही व्यस्त रहा। जब दर्द से तड़पती अरुणाबेन ने कहा कि इससे तो अच्छा है कि वह मर ही जाए, तो मितुल ने गूगल पर सर्च किया कि अगर उसकी पत्नी आत्महत्या कर लेती है, तो इसके क्या कानूनी परिणाम होंगे। कानूनी पचड़ों से बचने के लिए, उसने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
मुंह में कपड़ा ठूंसा; जबरदस्ती 'नैनो यूरिया' पिलाया
इस हत्या की साजिश में पति का पूरा परिवार शामिल था। उसकी मां और बहन ने अरुणाबेन को पकड़ लिया, उसके हाथ-पैर बांध दिए और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया ताकि वह कोई आवाज न निकाल सके। इसके बाद मितुल ने घर में रखा जहरीला पदार्थ 'नैनो यूरिया' उसके मुंह में डाल दिया, जिससे गर्भवती महिला की मौत हो गई। हत्या के बाद, आरोपियों ने नायलॉन की रस्सी का इस्तेमाल करके शव को कमरे में लटका दिया, ताकि ऐसा लगे कि उसने आत्महत्या की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला राज
इस बीच, 17 अक्टूबर की घटना के बाद महिला के परिवार वालों ने इसे हत्या होने का शक जताया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि महिला की गर्दन पर जो निशान थे, वे मौत के बाद बनाए गए थे। साथ ही, उसके शरीर में यूरिया के अंश भी पाए गए। फोरेंसिक और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर, पुलिस ने तुरंत उसके पति मितुल सोढ़ा और उसके भाई विपुल सोढ़ा को गिरफ्तार कर लिया। सास और ननद, जो फरार हैं, उन्हें खोजने की कोशिशें जारी हैं।