अब दिल्ली से गुवाहाटी सिर्फ 8 घंटे में: मोदी सरकार का बड़ा फैसला, बुलेट ट्रेन का रूट बढ़ा, देखें 10 स्टेशनों की लिस्ट
देश में हाई-स्पीड रेल नेटवर्क के विस्तार को लेकर केंद्र सरकार ने ऐतिहासिक कदम उठाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मंजूर किए गए बुलेट ट्रेन के उत्तरी कॉरिडोर का दायरा अब सिलीगुड़ी से आगे बढ़ाकर सीधे असम के गुवाहाटी तक कर दिया गया है। सरकारी प्रसारणकर्ता डीडी न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली-गुवाहाटी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर की कुल लंबाई लगभग 1500 किलोमीटर होगी। इस सुपरफास्ट रूट के तैयार होते ही राजधानी दिल्ली से पूर्वोत्तर के प्रवेश द्वार गुवाहाटी तक की दूरी महज 8 घंटे में पूरी हो सकेगी, जबकि अभी सामान्य ट्रेनों से इस सफर में 30 घंटे से भी अधिक का समय लगता है। यात्रियों के लिए सबसे बड़ी राहत की बात यह होगी कि इसका संभावित किराया हवाई यात्रा की तुलना में काफी किफायती रखा जाएगा।
इस महत्वाकांक्षी उत्तरी कॉरिडोर पर कुल 10 प्रमुख स्टेशनों का प्रस्ताव रखा गया है। यह हाई-स्पीड ट्रैक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से शुरू होकर उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और असम के अहम औद्योगिक व धार्मिक केंद्रों को आपस में जोड़ेगा। प्रस्तावित रूट पर दिल्ली, आगरा, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, प्रयागराज, वाराणसी, पटना, सिलीगुड़ी और गुवाहाटी शामिल हैं। यह लाइन न सिर्फ आम यात्रियों को विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव देगी, बल्कि गंभीर मरीजों को दिल्ली के शीर्ष अस्पतालों तक जल्द पहुंचाने और पूर्वोत्तर में व्यापार-कारोबार को अभूतपूर्व रफ्तार देने में मील का पत्थर साबित होगी।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के अनुसार, आधुनिक इंजीनियरिंग से लैस यह कॉरिडोर प्रमुख शहरों के बीच का यात्रा समय कई गुना घटा देगा। हाई-स्पीड संचालन शुरू होने के बाद दिल्ली से आगरा की दूरी केवल 59 मिनट में, दिल्ली से कानपुर 1 घंटा 45 मिनट में, दिल्ली से लखनऊ 2 घंटे 12 मिनट में और दिल्ली से वाराणसी का सफर सिर्फ 3 घंटे 33 मिनट में तय होगा। इसी तरह वाराणसी से प्रयागराज केवल 33 मिनट, वाराणसी से पटना 60 मिनट, वाराणसी से लखनऊ 1 घंटा 21 मिनट, वाराणसी से आगरा 2 घंटे 34 मिनट और पूरी दिल्ली-गुवाहाटी यात्रा 8 घंटे में पूरी की जा सकेगी।