सोते रह गए लोग, नीचे भड़क उठी मौत की लपटें! शाहदरा के मकान में आग से 4 की मौत, वजीरपुर में भी लगी आग
राजधानी दिल्ली के शाहदरा जिले में रविवार तड़के एक बड़ा हादसा सामने आया है। विश्वास नगर स्थित एक रिहायशी मकान में भीषण आग लगने से चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। यह घटना फर्श बाजार थाना क्षेत्र के अंतर्गत यूनिटी मॉल के पास गली नंबर 11 की है। करीब 60 वर्ग गज में बने इस मकान के ग्राउंड फ्लोर पर अवैध रूप से ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन संचालित किया जा रहा था, जहां तड़के करीब 4:15 बजे अचानक लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
दिल्ली फायर सर्विसेज (DFS) को सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां आनन-फानन में मौके पर पहुंचीं। फायर फाइटर्स ने कड़ी मशक्कत के बाद सुबह करीब 5 बजे तक लपटों पर काबू पा लिया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दमकल कर्मियों ने मकान के मेजेनाइन फ्लोर से छह लोगों को अचेत अवस्था में बाहर निकाला। कैट्स (CATS) एम्बुलेंस और पीसीआर वैन की मदद से सभी को तत्काल डॉ. हेडगेवार आरोग्य संस्थान ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। अन्य दो घायलों का इलाज चल रहा है, जिनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। शाहदरा डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा के अनुसार, प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट में शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रही है। पहली मंजिल पर सो रहे लोग धुएं और आग की चपेट में आ गए, जिससे यह जानी नुकसान हुआ।
दूसरी तरफ, रविवार तड़के ही दिल्ली के वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया में प्लास्टिक सैनिटरी उत्पाद बनाने वाली एक फैक्ट्री में आग लग गई। सुबह करीब 3:50 बजे बी-85 स्थित लगभग 200 वर्ग गज में फैली इस दो मंजिला फैक्ट्री से धुआं निकलते देख दमकल की गाड़ियों, वाटर बाउजर और क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल को रवाना किया गया। दमकल कर्मियों ने सुबह 4:05 बजे तक आग की लपटों को सीमित किया और 5:20 बजे तक पूरी तरह बुझा दिया। गनीमत रही कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई। गौरतलब है कि इससे पहले भी बुराड़ी इलाके के एक गोदाम में आग भड़क चुकी है, जहां 10 दमकल गाड़ियों की मदद से आग बुझाई गई थी। दिल्ली के रिहायशी इलाकों में चल रहे व्यावसायिक चार्जिंग पॉइंट्स और गोदाम सुरक्षा मानकों के लिहाज से गंभीर खतरा बने हुए हैं।