15 अगस्त तक नहीं मिलेगी राहत, जानें आज कहां-कहां होगी झमाझम बारिश
देश के अधिकतर हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून इस वक्त अपने चरम पर है और पूरी तरह से मेहरबान नजर आ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का ताजा अलर्ट कई राज्यों के लिए चिंता का विषय बन सकता है।
बुधवार, 12 अगस्त को देश के कई हिस्सों में भारी से लेकर बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। अगर आप पूर्वी राजस्थान में रहते हैं तो विशेष सावधानी बरतें, क्योंकि यहां आसमान से सच में आफत बरसने की आशंका है। इसके अलावा दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और गुजरात में भी मॉनसून का रौद्र रूप देखने को मिल सकता है।
15 अगस्त तक नहीं मिलेगी बारिश से राहत
तंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त तक उत्तर और मध्य भारत को बारिश से कोई खास राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक झमाझम बारिश का दौर बदस्तूर जारी रहेगा। वहीं, पहाड़ों का रुख करने वालों के लिए भी चेतावनी है; हिमाचल और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में 17 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। अगले एक हफ्ते तक पूरे देश में बादलों का डेरा रहेगा।
आज कहां-कहां बरसेंगे बादल?
अगर आप आज घर से बाहर निकलने की योजना बना रहे हैं, तो छाता या रेनकोट जरूर साथ रखें। आज दिल्ली-एनसीआर, पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान, मध्य भारत, गुजरात, ओडिशा और पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है। हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश की संभावना है, जिससे जलभराव और यातायात प्रभावित होने का खतरा बना हुआ है। छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड में भी छिटपुट जगहों पर तेज बारिश हो सकती है।