आईएएस अधिकारी से मांग लिया टोल टैक्स, शाम होते-होते 5 कर्मचारियों की छिन गई नौकरी!

आईएएस अधिकारी से मांग लिया टोल टैक्स, शाम होते-होते 5 कर्मचारियों की छिन गई नौकरी!

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू के सचिव और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी कार्तिकेय मिश्रा को लेकर एक बड़ा प्रशासनिक विवाद खड़ा हो गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग-16 के रास्ते विजयवाड़ा से अमरावती जाते समय वेंकटपालेम टोल प्लाजा पर टोल कर्मियों ने उनकी गाड़ी रोककर टोल टैक्स की मांग कर दी। इस बात से नाराज अधिकारी द्वारा शिकायत किए जाने के बाद टोल संचालन का जिम्मा संभाल रही निजी एजेंसी ने अपने पांच कर्मचारियों को तुरंत प्रभाव से नौकरी से बर्खास्त कर दिया है।

कार्तिकेय मिश्रा के पास मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) में आईटी, उद्योग, बुनियादी ढांचा और परिवहन समेत 11 अहम विभागों की जिम्मेदारी है। जिस समय यह घटना घटी, वे अपनी सरकारी गाड़ी से जा रहे थे, जिस पर कोई लाल बत्ती, झंडा या विशिष्ट सरकारी चिह्न नहीं लगा था। टोल कर्मी को कार के अंदर बैठे वरिष्ठ अधिकारी दिखाई नहीं दिए, जिस कारण उसने सामान्य प्रक्रिया के तहत ड्राइवर से टोल टैक्स मांगा। ड्राइवर ने जब बताया कि गाड़ी सीएमओ के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी की है, तो कर्मचारी ने पहचान पत्र (आईडी कार्ड) दिखाने को कह दिया। इसी बात पर ड्राइवर और टोल कर्मी के बीच विवाद शुरू हो गया और दो अन्य कर्मी भी वहां आ पहुंचे।

विवाद को तूल पकड़ता देख कार्तिकेय मिश्रा ने खुद हस्तक्षेप करते हुए कर्मचारियों के रवैये पर सख्त नाराजगी जताई। हालांकि कर्मचारियों ने बूम बैरियर उठा दिया, लेकिन अधिकारी करीब 10 मिनट तक वहीं रुके रहे और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के शीर्ष अधिकारियों का विवरण लेकर रवाना हुए। सूत्रों के अनुसार, इसके बाद मिश्रा ने विजयवाड़ा और अमरावती के एनएचएआई अधिकारियों को अपने दफ्तर तलब किया और टोल संचालक कंपनी 'स्काईलार्क इन्फ्रा इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड' के पांच कर्मियों—तीन टोल कर्मी, एक सुपरवाइजर और एक शिफ्ट इंचार्ज—को हटाने का निर्देश दिया, जिसके बाद शाम तक सभी को निकाल दिया गया। विवाद पर प्रतिक्रिया मांगे जाने पर आईएएस अधिकारी ने केवल एक शब्द में जवाब दिया—'कलियुग'। एनएचएआई मुख्यालय में आंध्र प्रदेश टोल बूथों के महाप्रबंधक विपिन मंगला ने घटना की जानकारी होने की बात स्वीकार की, लेकिन आधिकारिक टिप्पणी से परहेज किया।

विजयवाड़ा बाईपास पर स्थित वेंकटपालेम टोल प्लाजा का विवादों से पुराना नाता रहा है। स्थानीय पुलिस के मुताबिक, स्थानीय निवासियों और गैर-व्यावसायिक वाहनों के लिए सर्विस रोड का इस्तेमाल मुफ्त है, मगर टोल कर्मचारी अक्सर वहां बैरिकेड लगाकर रास्ता रोकते हैं और टोल वसूलने की कोशिश करते हैं। इसी वजह से यहां आए दिन सरकारी कर्मियों, हाईकोर्ट और सचिवालय के कर्मचारियों तथा वकीलों के साथ तीखी बहस की घटनाएं होती रहती हैं। बीते अगस्त में आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति चीमलपाटी रवि ने स्थानीय यात्रियों की याचिका पर सुनवाई के दौरान एनएचएआई और टोल संचालक एजेंसी को सर्विस रोड से तत्काल बैरिकेड हटाने का अंतरिम आदेश भी जारी किया था।