समंदर में उठा बवंडर: आंध्र प्रदेश के तट पर दस्तक देने जा रहा चक्रवाती तूफान, इन 10 राज्यों में मचेगा हाहाकार

समंदर में उठा बवंडर: आंध्र प्रदेश के तट पर दस्तक देने जा रहा चक्रवाती तूफान, इन 10 राज्यों में मचेगा हाहाकार

बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक नया चक्रवाती सिस्टम तेजी से सक्रिय हो रहा है, जिसके प्रभाव से देश के तटीय और मैदानी इलाकों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, यह चक्रवाती तूफान 2 नवंबर की शाम तक आंध्र प्रदेश के तट पर पहुंच जाएगा। इस सिस्टम के असर से दक्षिण भारत से लेकर पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में झमाझम बारिश के साथ आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका बढ़ गई है। विभाग ने स्थिति को देखते हुए संवेदनशील इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया है।

भारी बारिश का सिलसिला शुरू होने का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार रविवार से ही अरुणाचल प्रदेश, केरल, माहे और तटीय आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश का सिलसिला शुरू होने का अनुमान है। ओडिशा में खराब मौसम के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने और बिजली कड़कने की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा तेलंगाना, आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से अंधड़ चल सकता है।

तूफान के आगे बढ़ने के साथ ही 1 से 2 नवंबर के दौरान रायलसीमा, यनम, तटीय कर्नाटक और केरल में बारिश की तीव्रता में भारी इजाफा हो सकता है। वहीं 2 और 3 नवंबर को इस मौसमी तंत्र का असर मध्य भारत की ओर बढ़ेगा, जिससे छत्तीसगढ़ और झारखंड के अधिकांश हिस्सों में तेज बारिश होगी। मध्य प्रदेश के पूर्वी अंचल में भी 40 से 50 किमी प्रति घंटे की तूफानी हवाओं के साथ बौछारें पड़ने की पूरी संभावना बनी हुई है। मौसम वैज्ञानिकों ने खुले इलाकों में रहने वाले लोगों और किसानों को आकाशीय बिजली से सावधान रहने की हिदायत दी है।

तटीय राज्यों में भारी उथल-पुथल के बीच राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम पूरी तरह स्थिर बना रहेगा। दिल्ली-एनसीआर में आज दिनभर आसमान साफ रहेगा और धूप खिली रहेगी। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से थोड़ा कम 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। उत्तर-पश्चिम दिशा से चलने वाली हवाओं की रफ्तार दोपहर के समय 22 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे सुबह-शाम के वक्त हल्की गुलाबी ठंड का अहसास बना रहेगा।