बटन हो या बैलेट... किस्मत में सिर्फ हार! 4 राज्यों के चुनाव में कांग्रेस का खाता तक नहीं खुला

बटन हो या बैलेट... किस्मत में सिर्फ हार! 4 राज्यों के चुनाव में कांग्रेस का खाता तक नहीं खुला

निरंतर ईवीएम पर सवाल उठाने वाली कांग्रेस को चार राज्यों के विधान परिषद (एमएलसी) चुनावों में करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है। सबसे दिलचस्प बात यह है कि उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक की कुल 28 सीटों पर चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) से नहीं बल्कि बैलेट पेपर से हुए थे। इन चुनावों में कांग्रेस का खाता तक नहीं खुला और वह एक भी सीट जीतने में नाकाम रही। नतीजों के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने कांग्रेस पर चौतरफा हमला बोल दिया है। 

बीजेपी नेताओं का कहना है कि जब हार मिलती है तो कांग्रेस ईवीएम में हेरफेर का बहाना बनाती है, लेकिन अब बैलेट पेपर के नतीजों ने सच्चाई सामने ला दी है। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कांग्रेस पर तंज कसा। पीएम मोदी ने लिखा कि चार बड़े राज्यों में 28 सीटों पर एमएलसी चुनाव बैलेट पेपर से हुए, अंदाजा लगाइए कांग्रेस ने कितनी सीटें जीतीं?

बीजेपी ने इस हार को जनता द्वारा राहुल गांधी और कांग्रेस को नकारने का सुबूत बताया है। पार्टी ने एक्स पर लिखा कि तरीका चाहे जो भी हो, चुनाव ईवीएम से हों या बैलेट से, कांग्रेस हार ही जाती है। केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने भी निशाना साधते हुए कहा कि बटन हो या बैलेट, नतीजा एक ही रहता है। उन्होंने तंज कसा कि वोट चोरी का आरोप लगाने वाली कांग्रेस कर्नाटक जैसे राज्य में भी जीरो पर आउट हो गई, जहां उसकी अपनी सरकार है। 

वहीं बीजेपी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी को नसीहत देते हुए कहा कि जनता का समर्थन कड़ी मेहनत से मिलता है ना कि मस्ती की यात्राओं से। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को कामचोरी की आदत छोड़नी चाहिए। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने वाले विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कर्नाटक में बैलेट पेपर के इस्तेमाल के बावजूद बीजेपी ने टीचर्स और ग्रेजुएट कोटे की सभी चार सीटें जीत ली हैं।

अगर चुनावी आंकड़ों और राज्यों की बात करें तो 23 अक्टूबर को यूपी, बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र में वोटिंग हुई थी। उत्तर प्रदेश की 11 में से 10 सीटों के नतीजे आ चुके हैं जिनमें बीजेपी ने छह और समाजवादी पार्टी ने चार सीटें जीती हैं। बिहार में बड़ा उलटफेर देखने को मिला जहां प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने अपना खाता खोला। 

बिहार की आठ सीटों में से बीजेपी को तीन, निर्दलीयों को दो और आरजेडी, जन सुराज व जेडीयू को एक-एक सीट मिली। महाराष्ट्र में महायुति (बीजेपी-शिवसेना) और विपक्षी एनसीपी (शरद पवार) ने भी जीत दर्ज की है। सबसे बड़ा झटका कांग्रेस को कर्नाटक में लगा जहां सत्ता में होने के बावजूद वह चारों सीटें हार गई। वहां बीजेपी ने तीन और जेडीएस ने एक सीट पर कब्जा जमाया। इन नतीजों ने देश की सियासत में ईवीएम बनाम बैलेट पेपर की बहस को एक नया मुद्दा दे दिया है।