पंजाब में किसानों का बड़ा हल्लाबोल: US-भारत FTA और लैंड पूलिंग के विरोध में 3 घंटे टोल प्लाजा फ्री

पंजाब में किसानों का बड़ा हल्लाबोल: US-भारत FTA और लैंड पूलिंग के विरोध में 3 घंटे टोल प्लाजा फ्री

संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) के देशव्यापी आह्वान पर बुधवार को पूरे पंजाब में किसानों ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। प्रस्तावित भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते (FTA), पंजाब सरकार की विवादित 'लैंड पूलिंग' नीति और कृषि से जुड़ी लंबित मांगों को लेकर किसानों ने राज्यभर में उग्र प्रदर्शन किया।

विरोध प्रदर्शन के तहत दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक पंजाब के दर्जनों प्रमुख टोल प्लाजा को पूरी तरह 'टोल फ्री' कर दिया गया, जिससे हजारों वाहन बिना कोई शुल्क दिए गुजरते रहे।

​बठिंडा से लुधियाना तक टोल फ्री: FASTag से कटा पैसा तो आंदोलन होगा तेज

​बठिंडा जिले के जीदा, लहरा बेगा, बल्लुआना, जस्सी बगवाली और शेखपुरा टोल प्लाजा पर बड़ी संख्या में किसान और महिला किसान जुटने लगे। उधर, लुधियाना में लाडोवाल, गुल्लाल और चौकीमान तथा पठानकोट-अमृतसर मार्ग पर स्थित लदपालवां टोल प्लाजा को भी 3 घंटे के लिए मुफ़्त कर दिया गया।

​एसकेएम (SKM) के माझा प्रधान बलविंदर सिंह ने दो टूक चेतावनी जारी करते हुए कहा कि प्रदर्शन के दौरान यदि किसी वाहन चालक का ऑटोमैटिक FASTag के जरिए टोल कट जाता है, तो वह किसान मोर्चे से संपर्क करे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि डिजिटल टोल कटने की शिकायतें मिलीं, तो किसान संगठन इसके खिलाफ और कड़ा कदम उठाएंगे।

​'अमेरिका से व्यापार समझौता कृषि को कर देगा तबाह', उपजाऊ जमीन न देने का ऐलान

​किसान नेताओं ने केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि भारत-अमेरिका एफटीए (US-India FTA) की आड़ में पंजाब के कृषि और डेयरी (Dairy) सेक्टर को कॉरपोरेट घरानों के हाथों बेचने की साजिश रची जा रही है। किसानों ने मांग की कि केंद्र सरकार इस समझौते की सभी गोपनीय शर्तों को तुरंत सार्वजनिक करे।

​वहीं, पंजाब की भगवंत मान सरकार की 'लैंड पूलिंग योजना' पर आक्रामक रुख अपनाते हुए किसान नेताओं ने साफ कर दिया कि वे राज्य की एक इंच भी उपजाऊ कृषि भूमि सरकार या कॉरपोरेट को नहीं सौंपेंगे।

Latest Posts