पंजाब में दिनदहाड़े खूनी खेल: माथा टेकने गए AAP सरपंच के बेटे की गोलियों से भूनकर हत्या, दोस्त गंभीर

पंजाब में दिनदहाड़े खूनी खेल: माथा टेकने गए AAP सरपंच के बेटे की गोलियों से भूनकर हत्या, दोस्त गंभीर

पंजाब के अमृतसर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जिले के चीते कलां गांव में सोमवार शाम माथा टेकने गए आम आदमी पार्टी (AAP) की सरपंच के बेटे तीरथ सिंह की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस जानलेवा फायरिंग में उनका दोस्त रंजीत सिंह भी गोली लगने से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। अमृतसर देहाती के एसएसपी कवलप्रीत सिंह चहल ने स्पष्ट किया है कि यह कोई गैंगवार नहीं, बल्कि आपसी रंजिश का मामला है।

यह खौफनाक घटना सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे की है। तीरथ सिंह अपने दोस्त रंजीत सिंह के साथ धार्मिक स्थल पर माथा टेकने पहुंचे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे हमलावरों ने पुरानी दुश्मनी के चलते उन पर ताबड़तोड़ 7 से 8 राउंड फायर कर दिए। तीरथ सिंह को दो गोलियां लगीं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई, जबकि एक गोली रंजीत की जांघ के पार हो गई। मृतक का परिवार राजनीतिक पृष्ठभूमि से ताल्लुक रखता है; उनकी मां गांव की मौजूदा सरपंच हैं और भाई ब्लॉक समिति का सदस्य है।

अमृतसर पुलिस ने इस हत्याकांड में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों की पहचान कर ली है। इनमें गुरजंट, गोरा, हरकीरत उर्फ हॉकी और गुरदित्त सिंह शामिल हैं। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली है और इनकी जल्द गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। इलाके में दहशत का माहौल है, लेकिन पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लिया हुआ है।