पंजाब में दहलाने की साजिश नाकाम! जालंधर से मिले 86 खतरनाक हैंड ग्रेनेड, ISI समर्थित आतंकी गिरफ्तार
पंजाब के जालंधर में सुरक्षा एजेंसियों को आतंकी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर ने शहीद भगत सिंह नगर पुलिस के साथ मिलकर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई समर्थित बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के एक आतंकी मॉड्यूल का पता लगाया है। कार्रवाई के दौरान एक प्रमुख आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार व्यक्ति के कब्जे से 86 हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी को विदेश में मौजूद आतंकी हैंडलरों से निर्देश मिल रहे थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और इसके विदेशी संपर्कों की जानकारी जुटाने में लगी है।
आदमपुर के पास से बरामद किए गए थे ग्रेनेड
जांच में पता चला है कि आरोपी ने जालंधर के आदमपुर के नजदीक एक डेड लेटर बॉक्स से ग्रेनेड हासिल किए थे। पुलिस के अनुसार उसे इस स्थान की जानकारी विदेश में बैठे हैंडलरों ने दी थी।
सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। जांच का दायरा विदेशी हैंडलरों के साथ-साथ स्थानीय मददगारों तक भी बढ़ाया गया है।
संयुक्त ऑपरेशन में मिली सफलता
यह कार्रवाई काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर और एसबीएस नगर पुलिस ने संयुक्त रूप से की। अधिकारियों के अनुसार अभियान के दौरान एक प्रमुख ऑपरेटिव को पकड़ने के साथ एक कथित आतंकी साजिश को नाकाम किया गया।
पुलिस अब नेटवर्क की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। इसमें विदेश में बैठे संचालकों के संपर्क, स्थानीय सहयोग और नेटवर्क से जुड़े अन्य लिंक की जांच की जा रही है।
डीजीपी ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
पंजाब के डीजीपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस कार्रवाई की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि संयुक्त अभियान के दौरान विदेशी हैंडलरों द्वारा संचालित आईएसआई समर्थित बीकेआई मॉड्यूल का खुलासा किया गया है। इस दौरान 86 हैंड ग्रेनेड बरामद हुए और एक प्रमुख ऑपरेटिव को गिरफ्तार किया गया।