ननकाना साहिब में मनेगा प्रकाश पर्व! 1822 सिख श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान रवाना, वाघा बॉर्डर पर गूंजे जयकारे

ननकाना साहिब में मनेगा प्रकाश पर्व! 1822 सिख श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान रवाना, वाघा बॉर्डर पर गूंजे जयकारे

सिख धर्म के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर पाकिस्तान स्थित पवित्र ऐतिहासिक गुरुधामों के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का एक विशाल जत्था रविवार को रवाना हो गया। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के मुख्य कार्यालय से 1822 श्रद्धालुओं का यह दल पूरे धार्मिक उत्साह के साथ अटारी-वाघा बॉर्डर के रास्ते पाकिस्तान में दाखिल हुआ। इस यात्रा में श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज भी खुद शामिल हैं।

यह सिख जत्था पाकिस्तान प्रवास के दौरान गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब, श्री पंजा साहिब और गुरुद्वारा सच्चा सौदा सहित कई प्रमुख ऐतिहासिक गुरुद्वारों में नतमस्तक होकर अरदास करेगा और गुरु घर का आशीर्वाद लेगा। अपनी लगभग 10 दिनों की धार्मिक यात्रा पूरी करने के बाद सभी श्रद्धालु 1 दिसंबर को स्वदेश लौटेंगे।

एसजीपीसी ने इस यात्रा के लिए कुल 1828 श्रद्धालुओं के पासपोर्ट वीजा प्रक्रिया के लिए पाकिस्तान उच्चायोग को भेजे थे, जिनमें से पाकिस्तान सरकार ने 1822 श्रद्धालुओं को ही वीजा जारी किया। वीजा मंजूर न होने के कारण छह श्रद्धालुओं को यात्रा से वंचित रहना पड़ा। जत्थे का नेतृत्व शिरोमणि कमेटी की सदस्य बीबी परमिंदर कौर पार्टी लीडर के रूप में कर रही हैं, जबकि उनके साथ अंतरंग सदस्य रविंदर सिंह खालसा, गुरनाम सिंह जस्सल, बीबी गुरिंदर कौर भोलूवाला और महाप्रबंधक लखबीर सिंह चीफ-85 भी शामिल हैं।

रवानगी के अवसर पर श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने कहा कि हर नानक नाम लेवा सिख की नित्य अरदास में श्री ननकाना साहिब और बिछुड़े हुए ऐतिहासिक गुरुधामों के खुले दर्शन-दीदार और सेवा-संभाल की पवित्र भावना शामिल रहती है। यह अरदास कौम की गहरी आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब की कृपा से दोनों देशों के बीच शांति और भाईचारा बना रहे। इसके साथ ही उन्होंने और अन्य श्रद्धालुओं ने भारत व पाकिस्तान दोनों सरकारों से अपील की कि संगत की भावनाओं का सम्मान करते हुए श्री करतारपुर साहिब गलियारे को भी तत्काल प्रभाव से दोबारा खोला जाए, ताकि सीमा पार आवाजाही सुगम हो सके।