शादी की खुशियां मातम में बदलीं: मैरिज गार्डन में 7 साल के मासूम पर गिरा भारी लोहे का पोल, इकलौते बेटे की मौत

शादी की खुशियां मातम में बदलीं: मैरिज गार्डन में 7 साल के मासूम पर गिरा भारी लोहे का पोल, इकलौते बेटे की मौत

राजस्थान के नागौर शहर स्थित कोतवाली थाना इलाके में शनिवार देर शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां शादी समारोह के बाद टेंट का सामान समेटते वक्त लोहे का भारी पोल गिरने से 7 साल के मासूम बच्चे की जान चली गई। सेलऊ रोड स्थित महालक्ष्मी मैरिज गार्डन में घटित इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। लोहे का भारी पाइप सीधे बच्चे के सिर पर गिरा, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। बदहवास परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

कोतवाली थाने के सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) भगवत भाकल के अनुसार, मृतक बच्चे की पहचान भीकाला बास (चेनार) निवासी अनिल गहलोत के 7 वर्षीय पुत्र यशवंत के रूप में की गई है। यशवंत अपनी मां के साथ ननिहाल पक्ष के एक पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होने आया था। दोपहर तक शादी की सभी रस्में हंसी-खुशी संपन्न हो गई थीं और शाम के वक्त गार्डन परिसर से टेंट और सजावट की सामग्री हटाई जा रही थी। उसी समय बच्चा गार्डन में खेल रहा था, तभी मजदूरों द्वारा खोला जा रहा लोहे का भारी खंभा अचानक अनियंत्रित होकर उसके सिर पर गिर गया।

घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल और जिला अस्पताल पहुंची और मौका मुआयना किया। पुलिस इस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से तफ्तीश कर रही है और यह जांच की जा रही है कि खुले परिसर में सामान हटाते समय सुरक्षा मानकों की अनदेखी या आयोजकों व टेंट ठेकेदार की कोई लापरवाही तो नहीं थी। पुलिस का कहना है कि परिजनों की रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

यशवंत अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता अनिल गहलोत शहर के मुख्य बाजार में एक कपड़े की दुकान पर मजदूरी करते हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। जिस मैरिज गार्डन में कुछ घंटे पहले तक मांगलिक गीत और बधाइयां गूंज रही थीं, वहां चंद पलों में पसरे सन्नाटे और रोने-बिलखने की आवाजों ने हर किसी का कलेजा दहला दिया। जिला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर जमा परिजनों और शादी में शरीक होने आए तमाम रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है।