घर के बाहर खड़ी एक्टिवा हटाने को लेकर खूनी खेल, कार सवार ने बीच सड़क पर सरेआम उतारा मौत के घाट!
पंजाब के अमृतसर में मामूली पार्किंग विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां एक 28 वर्षीय मार्केटिंग प्रोफेशनल की खुलेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात चभल रोड स्थित आनंद एवेन्यू इलाके में शुक्रवार देर रात पेश आई। मृतक की पहचान अमित सभरवाल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, घर के बाहर गली में खड़े एक्टिवा स्कूटर को हटाने को लेकर पड़ोस में ही रहने वाले एक कार सवार से अमित की कहासुनी शुरू हुई थी। कार चालक लगातार हॉर्न बजाकर रास्ता खाली करने का दबाव बना रहा था, जिसके बाद दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस जांच के मुताबिक, जुबानी जंग कुछ ही पलों में हिंसक टकराव में बदल गई। गुस्से में बेकाबू आरोपी ने अपनी पिस्तौल निकालकर बेहद नजदीक से अमित पर ताबड़तोड़ छह राउंड गोलियां दाग दीं। इनमें से चार गोलियां सीधे अमित के सिर और पेट में लगीं, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन और स्थानीय लोग उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए, मगर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया।
मृतक के पिता सुनील सभरवाल के बयानों के आधार पर पुलिस ने तीन नामजद व्यक्तियों के विरुद्ध हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए कई विशेष टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। जांच अधिकारी इलाके में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं, ताकि विवाद की शुरुआत से लेकर गोलीबारी तक के पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा जा सके।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद पंजाब में कानून-व्यवस्था को लेकर सियासी संग्राम तेज हो गया है। विपक्षी दलों ने राज्य में बिगड़ती सुरक्षा व्यवस्था पर आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार को आड़े हाथों लिया है। शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि राज्य में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम जनता की सुरक्षा भगवान भरोसे है। उन्होंने आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई है।