राजस्थान में चुनाव से पहले बड़ा धमाका: भजनलाल सरकार ने दी 76 नई नगरपालिकाओं को मंजूरी, 684 नए पदों के साथ खुला नौकरियों का पिटारा

राजस्थान में चुनाव से पहले बड़ा धमाका: भजनलाल सरकार ने दी 76 नई नगरपालिकाओं को मंजूरी, 684 नए पदों के साथ खुला नौकरियों का पिटारा

राजस्थान में होने वाले आगामी पंचायत और स्थानीय निकाय चुनावों से ठीक पहले राज्य की भजनलाल शर्मा सरकार ने एक बेहद बड़ा और ऐतिहासिक प्रशासनिक दांव खेला है। प्रदेश में कस्बों और अर्ध-शहरी क्षेत्रों के तेजी से हो रहे विस्तार को देखते हुए सरकार ने 76 नई नगरपालिकाओं (New Municipalities) के गठन को अंतिम मंजूरी दे दी है। इस बड़े फैसले के बाद मरुधरा में स्थानीय निकायों की कुल संख्या 309 से सीधे छलांग लगाकर 385 पर पहुंच गई है।

चुनावी माहौल में सरकार का बड़ा दांव: विकास और सियासत का संगम

राज्य सरकार का यह फैसला ऐसे संवेदनशील समय पर आया है जब प्रदेश में चुनावी बुगुल बजने ही वाला है। राजनीतिक गलियारों में इस फैसले को सीधे तौर पर 'चुनावी मास्टरस्ट्रोक' के रूप में देखा जा रहा है। सरकार का तर्क है कि इस कदम से तेजी से विकसित हो रहे ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में बेहतर नगर प्रशासन, साफ-सफाई, पक्की सड़कें और अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाएं सुलभ कराई जा सकेंगी, जिससे नियोजित विकास को गति मिलेगी।

आपके जिले को क्या मिला? जानिए कहां-कहां बनीं नई नगरपालिकाएं

सरकार द्वारा जारी सूची के अनुसार, राज्य के कई महत्वपूर्ण जिलों के प्रमुख कस्बों को अपग्रेड कर नगरपालिका का दर्जा दिया गया है:

जिला नई नगरपालिकाएं (घोषित क्षेत्र)
जयपुर (Jaipur) वाटिका, जमवारामगढ़, फागी, द्वट्टू, कानोता, खेजरोली और कालाडेरा
दौसा, अलवर और टोंक इन तीनों जिलों में 4-4 नई नगरपालिकाओं का गठन
बालोतरा, बाड़मेर और अजमेर इन तीनों जिलों में 3-3 नई नगरीय निकायों को मंजूरी

इसके अलावा प्रदेश के अन्य कई जिलों के कस्बों को भी इस सूची में शामिल कर शहरी क्षेत्र का विस्तार किया गया है।

बेरोजगार युवाओं के लिए खुशखबरी: 684 नए पदों के सृजन को मंजूरी

नई नगरपालिकाओं के सुचारू संचालन और प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने के लिए सरकार ने खजाना और नौकरियों का पिटारा दोनों खोल दिया है। स्वायत्त शासन विभाग (Local Self Government Department) के अंतर्गत 684 नए पदों को सृजित करने की मंजूरी दी गई है।

रोजगार के नए अवसर: इन नए पदों पर जल्द ही होने वाली भर्तियों से न केवल नई नगरपालिकाओं में जनता के प्रशासनिक काम तेजी से निपट सकेंगे, बल्कि राजस्थान के प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए सरकारी नौकरी (Govt Jobs) के नए और सुनहरे अवसर भी पैदा होंगे।

स्थानीय राजनेताओं का मानना है कि इस फैसले से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अब अपने छोटे-मोटे सरकारी कामों के लिए जिला मुख्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और उनके क्षेत्रों में विकास के लिए सीधे बजट आवंटित हो सकेगा। अब देखना यह होगा कि सरकार के इस बड़े प्रशासनिक सुधार का आगामी चुनावों में जनता क्या रिस्पॉन्स देती है।