अलवर में खूनी तांडव! जमीन के टुकड़े के लिए बरसाए लाठी-डंडे, दो महिलाओं के फूटे सिर
राजस्थान के अलवर शहर के बगड़ तिराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत साड़ोली गांव में भूमि विवाद को लेकर दो गुट आमने-सामने आ गए, जिसके बाद दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले। इस खूनी संघर्ष में दर्जनभर से अधिक लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। घायलों में दो महिलाओं की नाजुक हालत को देखते हुए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तुरंत अलवर के जिला सामान्य अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना का रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के लोग खुलेआम एक-दूसरे पर लाठियां बरसाते और पथराव करते साफ दिखाई दे रहे हैं।
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, साड़ोली गांव के निवासी रईस, आमीन, सरताज, हैदर, मुबीना और यूसुफ पर गांव के ही रहने वाले मम्मल, नूरा, ईसरी और मुबीन सहित अन्य लोगों ने अचानक लाठी-डंडों से जानलेवा हमला बोल दिया। अचानक हुए इस हमले के बाद दोनों पक्षों के बीच भीषण मारपीट शुरू हो गई। इस झड़प में एक पक्ष की मुबीना और दूसरे पक्ष की बिस्सी के सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आने से उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है, जिनका इलाज अलवर अस्पताल में जारी है।
संघर्ष की मुख्य वजह को लेकर दोनों पक्षों की ओर से परस्पर विरोधी दावे किए जा रहे हैं। पहले पक्ष का कहना है कि उन्होंने संबंधित प्लॉट की पूरी रकम अदा कर दी थी, इसके बावजूद दूसरा पक्ष अवैध तरीके से जमीन पर कब्जा जमाने की नीयत से मारपीट पर उतारू हो गया। इसके उलट दूसरे पक्ष ने जमीन के दावे को खारिज करते हुए आरोप लगाया है कि यह विवाद प्लॉट को लेकर नहीं, बल्कि परिवार की एक महिला के साथ की गई बदसलूकी और गाली-गलौज के विरोध में भड़का था।
गांव के स्थानीय निवासियों का कहना है कि इसी भूखंड पर कब्जे को लेकर इसी महीने दूसरी बार ऐसा हिंसक टकराव देखने को मिला है, जिससे इलाके में भारी तनाव का माहौल बन गया है। सोशल मीडिया पर मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद बगड़ तिराहा थाना पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम कर दी गई है और दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर निष्पक्ष कानूनी जांच की जा रही है, जिसके बाद ही असली वजह की पुष्टि हो सकेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।