कोर्ट से मिली थी साथ रहने की मंजूरी, फिर 40 लोगों ने घर में घुसकर किया ऐसा खौफनाक कांड! वायरल वीडियो ने मचाया हड़कंप!

कोर्ट से मिली थी साथ रहने की मंजूरी, फिर 40 लोगों ने घर में घुसकर किया ऐसा खौफनाक कांड! वायरल वीडियो ने मचाया हड़कंप!

राजस्थान के झुंझुनूं जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक युवती को उसके घरवालों द्वारा कथित तौर पर जबरन गाड़ी में बिठाकर ले जाने की घटना ने तूल पकड़ लिया है। इस पूरे घटनाक्रम से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। पीड़िता के लिव-इन पार्टनर ने बगड़ थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए गांव के सरपंच समेत 35 से 40 लोगों और 8 से 10 महिलाओं पर घर में घुसकर मारपीट करने, युवती को जबरन उठा ले जाने तथा जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने अपहरण व मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।

थाने में दी गई रिपोर्ट के मुताबिक, युवक और युवती 18 नवंबर को अपने घरों से निकले थे। इसके अगले दिन यानी 19 नवंबर को युवती के परिजनों ने खेतड़ी नगर थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद में 23 नवंबर को दोनों थाने पहुंचे, जहां से पुलिस ने उन्हें अदालत के समक्ष पेश किया। युवक का कहना है कि न्यायालय में युवती ने स्पष्ट रूप से उसके साथ रहने की इच्छा जाहिर की थी, जिसके बाद अदालत ने दोनों को साथ रहने की अनुमति दे दी थी।

युवक ने आरोप लगाया कि 28 नवंबर की सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच युवती के परिजन, सरपंच सहित करीब तीन-चार दर्जन लोग और कई महिलाएं उनके घर पर आ धमके। देखते ही देखते आरोपियों ने युवक और उसके घरवालों के साथ कथित तौर पर मारपीट शुरू कर दी। शिकायत के अनुसार, युवती को भी पीटते हुए घर से बाहर निकाला गया और परिजनों के साथ चलने का दबाव बनाया गया। जब युवती ने जाने से इनकार किया, तो उसे कथित तौर पर घसीटते हुए गाड़ी में डाला गया और अपने साथ ले गए।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि जब युवक की मां बीच-बचाव करने के लिए आगे आईं, तो उनके साथ भी हाथापाई की गई और आरोप है कि उनका मंगलसूत्र छीन लिया गया। शिकायतकर्ता ने दावा किया कि आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर पूरे परिवार को गोली मारने और तलवार से काटने जैसी धमकियां दीं। घटना की सूचना पाकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी युवती को लेकर वहां से निकल चुके थे। इसके बाद बगड़ थाना पुलिस ने युवक की रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण दर्ज किया।

बगड़ थानाधिकारी के अनुसार, पीड़ित की शिकायत पर युवती को जबरन ले जाने और मारपीट आदि धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर लिया गया है। प्रकरण की जांच एएसआई नरेंद्र सिंह को सौंपी गई है। पुलिस वायरल वीडियो और अन्य तथ्यों की पड़ताल कर रही है तथा आरोपियों की पहचान सुनिश्चित कर कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।