12.50 लाख गरीब परिवारों की बदलेगी तकदीर! पक्का घर, 5 लाख का मुफ्त इलाज और रोजगार; योगी सरकार का बड़ा प्लान!
उत्तर प्रदेश में सबसे वंचित और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को मुख्यधारा व आत्मनिर्भरता से जोड़ने के लिए राज्य सरकार ने जीरो पॉवर्टी अभियान की रफ्तार बढ़ा दी है। इस पहल के दायरे में प्रदेश के चिह्नित 12.50 लाख अति गरीब परिवारों को लाया जा रहा है, जिन्हें पक्के मकान, निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं, राशन और आजीविका के साधनों से संतृप्त करने पर फोकस है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन की समीक्षा बैठक में इस मुहिम की जमीनी प्रगति परखी और अफसरों को दो टूक कहा कि कोई भी पात्र परिवार सरकारी योजनाओं की पहुंच से बाहर न रहे।
बेघर और कच्चे घरों में रह रहे परिवारों को स्थायी छत मुहैया कराना इस योजना का अहम हिस्सा है। समीक्षा के दौरान सामने आए आंकड़ों के मुताबिक, अभियान के अंतर्गत अब तक 59,447 प्रधानमंत्री आवास और मुख्यमंत्री आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। इससे उन जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिलने वाली है जो लंबे समय से पक्के आवास का इंतजार कर रहे थे।
स्वास्थ्य सुरक्षा के मोर्चे पर भी लाभार्थियों को तेजी से जोड़ा जा रहा है। अब तक 1,04,583 परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से हर साल पांच लाख रुपये तक का मुफ्त और कैशलेस इलाज संभव हो सकेगा। शेष चिह्नित परिवारों को भी जल्द से जल्द आयुष्मान भारत योजना और अंत्योदय राशन कार्ड का लाभ सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार की कोशिश है कि गरीब परिवार केवल सहायता पर निर्भर न रहें, बल्कि उनके पास आय के स्थायी स्रोत भी बनें। इसी उद्देश्य से 10.60 लाख परिवारों के कम से कम एक सदस्य को रोजगारपरक कौशल विकास प्रशिक्षण दिलाने का लक्ष्य तय किया गया है, जिसमें से अब तक 11,298 युवाओं को ट्रेनिंग देकर रोजगार से जोड़ा जा चुका है। इसके साथ ही प्रदेश के सभी 75 जिलों में कामगारों व श्रमिकों को योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां बड़ी संख्या में श्रमिकों का पंजीकरण हो रहा है। पक्का मकान, स्वास्थ्य कवच, खाद्यान्न और कौशल प्रशिक्षण के संगम से जीरो पॉवर्टी अभियान प्रदेश के अति निर्धन परिवारों की आर्थिक तस्वीर बदलने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।