सऊदी अरब जाने वालों को तगड़ा झटका! एयर इंडिया ने 31 दिसंबर तक रद्द कीं उड़ानें, जानें क्यों लिया गया ऐसा फैसला

सऊदी अरब जाने वालों को तगड़ा झटका! एयर इंडिया ने 31 दिसंबर तक रद्द कीं उड़ानें, जानें क्यों लिया गया ऐसा फैसला

मध्य पूर्व में बढ़ते सुरक्षा तनाव और हवाई हमलों के खतरे का सीधा असर भारतीय विमानन कंपनियों की खाड़ी उड़ानों पर पड़ा है। टाटा समूह की एयरलाइन एयर इंडिया ने सऊदी अरब के जेद्दा, दम्माम और रियाद के लिए संचालित होने वाली अपनी सभी उड़ानों का निलंबन 31 दिसंबर 2026 तक बढ़ा दिया है। इसके उलट समूह की ही कम लागत वाली विमान सेवा एयर इंडिया एक्सप्रेस 2 दिसंबर से जेद्दा के लिए चरणबद्ध तरीके से उड़ानें बहाल करने जा रही है, जबकि रियाद और दम्माम के लिए उसकी सेवाएं 31 दिसंबर तक बंद रहेंगी।

एयर इंडिया ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए बयान में स्पष्ट किया कि क्षेत्र के मौजूदा सुरक्षा हालात को देखते हुए जेद्दा, दम्माम और रियाद आने-जाने वाली फ्लाइट्स को साल के अंत यानी 31 दिसंबर तक सस्पेंड रखा जा रहा है। बीते कुछ हफ्तों में सऊदी अरब के विभिन्न शहरों व बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों के बाद यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।

उधर एयर इंडिया एक्सप्रेस ने एक्स पर जानकारी दी कि वह जेद्दा रूट पर परिचालन धीरे-धीरे सामान्य करेगी। शुरुआती चरण में 2 दिसंबर से जेद्दा और मंगलुरु के बीच सप्ताह में तीन उड़ानें शुरू की जाएंगी। वहीं देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने भी अपने यात्रियों के लिए बड़ा अपडेट दिया है। इंडिगो ने शुक्रवार को बताया कि वह जेद्दा और मदीना के लिए कुछ चुनिंदा उड़ानों को दोबारा शुरू कर रही है, लेकिन रियाद और दम्माम की फ्लाइट्स 7 दिसंबर तक रद्द रहेंगी।

एक अन्य एयरलाइन अकासा एयर ने भी सऊदी अरब जाने वाले यात्रियों के लिए लंबा निलंबन घोषित किया है। शनिवार को जारी अपडेट के मुताबिक अकासा एयर जेद्दा की उड़ानों को 10 जनवरी तक और रियाद की उड़ानों को 31 जनवरी तक बंद रखेगी। गौरतलब है कि हाल के दिनों में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब को निशाना बनाते हुए भीषण ड्रोन और मिसाइल हमले किए हैं, जिनमें प्रमुख हवाई अड्डों और तेल रिफाइनरियों जैसे संवेदनशील ठिकानों पर चोट पहुंचाने की कोशिशें हुईं, जिसके चलते अंतरराष्ट्रीय और भारतीय एयरलाइनों को अपने रूट व शेड्यूल में बड़े बदलाव करने पड़े हैं।