रात को बाहर जाने से टोका तो भड़की पोती, लाठी से वार कर दादा की ले ली जान

रात को बाहर जाने से टोका तो भड़की पोती, लाठी से वार कर दादा की ले ली जान

राजस्थान के बांसवाड़ा जिले से एक दिल दहला देने वाला पारिवारिक विवाद सामने आया है, जहां महज बाहर जाने से टोकने पर एक पोती ने अपने ही बुजुर्ग दादा की हत्या कर दी। शुक्रवार देर रात हुई इस हिंसक वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं आरोपी युवती घटना के तुरंत बाद मौके से फरार हो गई जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

थानाधिकारी देवीलाल मीणा से मिली जानकारी के मुताबिक, यह खूनी संघर्ष शुक्रवार रात करीब 9 बजे पेश आया। 19 साल की युवती सुनीता हाथ में लाठी लेकर घर से बाहर निकल रही थी। उसी दौरान उसके 60 वर्षीय दादा जेता राणा ने उसे इतनी रात गए बाहर जाने से रोका और सवाल किया कि वह कहां जा रही है। टोकने की इतनी सी बात पर सुनीता का गुस्सा बेकाबू हो गया। उसने तैश में आकर अपने हाथ में मौजूद लाठी से सीधे जेता राणा के सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया।

वार इतना घातक था कि जेता राणा लहुलूहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर दौड़े परिजन उन्हें फौरन नजदीकी स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बांसवाड़ा जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन सिर में गहरी अंदरूनी चोट लगने के चलते रात करीब 11:30 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

शनिवार को अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी सुनीता के खिलाफ हत्या की सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पूछताछ के दौरान परिजनों ने पुलिस को बताया कि सुनीता 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद करीब एक साल पहले आगे की पढ़ाई छोड़ चुकी थी और पिछले दो-तीन दिनों से काफी मानसिक तनाव व उलझन में दिख रही थी। फिलहाल पुलिस टीम फरार युवती की संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है।