पत्नी की डिलीवरी के लिए पति ने पार की सारी हदें, पैसों के लिए कर दिया ऐसा खौफनाक कांड!
मध्य प्रदेश के बालाघाट शहर से एक बेहद चौंकाने वाली क्राइम की घटना सामने आई है, जहां एक पति अपनी पत्नी की डिलीवरी का खर्च जुटाने के लिए खौफनाक कातिल बन गया। बालाघाट की तिरोड़ी पुलिस ने 8 अक्टूबर को ग्राम हीरापुर में हुए 53 वर्षीय खेलनबाई तुरकर के ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी रूपेश मरकाम को अरेस्ट कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी की पत्नी की डिलीवरी एक निजी अस्पताल में हुई थी, जिसका बिल करीब 50 से 60 हजार रुपये आया था। पैसों की इस सख्त जरूरत को पूरा करने के लिए तिरोड़ी मॉल में दिहाड़ी मजदूरी करने वाले रूपेश ने लूट की खौफनाक साजिश रची।
जब बुजुर्ग महिला खेलनबाई अपने मवेशी चराने गई हुई थी, तब आरोपी ने बेरहमी से उसकी हत्या कर दी और उसके सोने के टॉप्स व मंगलसूत्र लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने लूटे हुए इन जेवरातों को महज 25 हजार रुपये में एक सुनार के पास गिरवी रख दिया। पुलिस की गहन जांच और सख्ती से हुई पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने हत्या से पहले पैसों की भरपाई के लिए बोनकटटा के एक सूने घर में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। फिलहाल पुलिस ने हत्या और लूट के इस खूंखार आरोपी को गिरफ्तार कर सुनार के पास गिरवी रखे गए सभी जेवरात बरामद कर लिए हैं और रिमांड पर लेकर उससे आगे की कानूनी पूछताछ की जा रही है।