दीवाली पर बीकानेर की सड़कों पर उतरा भक्ति का सैलाब! हाथ में माइक थामे भजनों पर झूमे केंद्रीय कानून मंत्री!

दीवाली पर बीकानेर की सड़कों पर उतरा भक्ति का सैलाब! हाथ में माइक थामे भजनों पर झूमे केंद्रीय कानून मंत्री!

दीपावली के पावन पर्व पर राजस्थान के ऐतिहासिक शहर बीकानेर में भक्ति, संगीत और आध्यात्मिक उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल की अगुवाई में शहर की सड़कों पर भव्य ‘भजन जैमिंग’ एवं भक्तिमय संगीत यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भगवान श्रीराम और पवनपुत्र हनुमान के गगनभेदी जयकारों और भजनों की मधुर स्वर लहरियों के बीच केंद्रीय मंत्री खुद माइक थामकर भजनों में सुर मिलाते नजर आए, जिसने युवाओं और स्थानीय नागरिकों में जबरदस्त उत्साह भर दिया।

आयोजनकर्ता पुनीत शर्मा के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय योग गुरु नवीन 'दा हीलर' के सानिध्य में आयोजित इस भव्य आध्यात्मिक यात्रा का शुभारंभ शहर के प्रमुख रतन बिहारी पार्क से हुआ। यहां से संतों, जनप्रतिनिधियों और आम श्रद्धालुओं का कारवां पारंपरिक वाद्ययंत्रों और आधुनिक संगीत के तालमेल पर भक्ति रस बिखेरते हुए आगे बढ़ा। शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए यह शोभायात्रा अंततः प्रसिद्ध ग्रेजुएट हनुमानजी मंदिर परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई, जहां महाआरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस दौरान केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने युवाओं के साथ कदमताल करते हुए पूरे मार्ग पर भजन जैमिंग का नेतृत्व किया। आयोजन में संतोषा नंद महाराज के सानिध्य ने माहौल को और अधिक गरिमामय बना दिया। इस यात्रा में भाजपा शहर जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़, देहात अध्यक्ष श्याम पंचारिया, डिप्टी मेयर पंकज गहलोत, यूआईटी के पूर्व अध्यक्ष महावीर रांका, युधिष्ठिर सिंह भाटी, मोहन सुराणा, मनीष सोनी, श्याम सिंह हाडलां और कमल गहलोत सहित कई स्थानीय नेता व सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। दीपावली की रोशनी के बीच निकली इस यात्रा ने न केवल स्थानीय स्तर पर सामाजिक समरसता और भारतीय संस्कृति का संदेश दिया, बल्कि बीकानेर के धार्मिक पर्यटन और लोक संस्कृति को भी एक नया मंच प्रदान किया।