बुजुर्गों की खुली लॉटरी! सरकार फ्री में कराएगी द्वारकाधीश और सोमनाथ के दर्शन, कल रवाना होगी 25वीं स्पेशल ट्रेन!

बुजुर्गों की खुली लॉटरी! सरकार फ्री में कराएगी द्वारकाधीश और सोमनाथ के दर्शन, कल रवाना होगी 25वीं स्पेशल ट्रेन!

राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग द्वारा संचालित 'वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2026-27' के तहत प्रदेश के बुजुर्गों को धर्मस्थलों के दर्शन कराने का सिलसिला पूरी रफ्तार से जारी है। इसी कड़ी में योजना की 25वीं विशेष ट्रेन सोमवार, 30 नवंबर को सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन से रवाना की जाएगी। यह ट्रेन दुर्गापुरा (जयपुर) होते हुए गुजरात के सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल द्वारकाधीश और प्रथम ज्योतिर्लिंग सोमनाथ के दर्शन कराएगी। इस यात्रा में प्रदेश के आठ अलग-अलग जिलों के 970 चयनित वरिष्ठ नागरिकों के साथ विभागीय स्टाफ और अनुरक्षकों सहित कुल 1,000 मुसाफिर शामिल रहेंगे।

यात्रियों की सुविधा के लिहाज से बोर्डिंग व्यवस्था दो प्रमुख स्टेशनों पर तय की गई है। सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन से भरतपुर, धौलपुर, सवाई माधोपुर, करौली और नवगठित डीग जिले के कुल 504 बुजुर्ग ट्रेन में सवार होंगे। इसके बाद ट्रेन दुर्गापुरा पहुंचेगी, जहां से जयपुर, दौसा, खैरथल-तिजारा और कोटपुतली-बहरोड़ जिलों से आने वाले 466 तीर्थयात्रियों को बिठाया जाएगा। प्रशासन ने यात्रियों की सुगम रवानगी के लिए दोनों स्टेशनों पर हेल्पडेस्क, प्राथमिक स्वास्थ्य जांच और पहचान सत्यापन की पुख्ता व्यवस्था की है।

देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने योजना की प्रगति साझा करते हुए बताया कि अब तक 24 विशेष ट्रेनों के जरिए प्रदेश भर के 23,408 बुजुर्ग तीर्थ स्थलों के दर्शन कर चुके हैं। वहीं, हवाई मार्ग से नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित बाबा पशुपतिनाथ के दर्शन के लिए 1,674 वरिष्ठ नागरिकों को भेजा जा चुका है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि दिसंबर महीने में पशुपतिनाथ की हवाई तीर्थ यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी। इसके अलावा केवल रेल मार्ग से ही 21 दिसंबर तक लगभग 5 हजार अतिरिक्त बुजुर्गों को विभिन्न धार्मिक सर्किटों पर भेजा जाएगा।

दिसंबर माह के लिए विभाग ने विस्तृत ट्रेन शेड्यूल जारी कर दिया है, जिसके तहत लगातार विशेष ट्रेनें पटरियों पर दौड़ेंगी। आगामी 2 दिसंबर को बीकानेर से कामाख्या (असम) के लिए विशेष ट्रेन चलेगी, जो जयपुर और भरतपुर होते हुए जाएगी। इसमें बीकानेर, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर और चूरू के बुजुर्ग बीकानेर से, जयपुर, अलवर और खैरथल-तिजारा के यात्री जयपुर से, जबकि भरतपुर, धौलपुर, करौली, डीग और सवाई माधोपुर के तीर्थयात्री भरतपुर स्टेशन से सवार होंगे। इसके उपरांत 7 दिसंबर को खातीपुरा (जयपुर) से तिरुपति बालाजी, 13 दिसंबर को भगत की कोठी (जोधपुर) से महाकालेश्वर (उज्जैन), 15 दिसंबर को अजमेर से रामेश्वरम और 21 दिसंबर को जयपुर रेलवे स्टेशन से जगन्नाथपुरी के लिए विशेष रेलगाड़ी रवाना होगी।