बांग्लादेश में फिर भड़का गृहयुद्ध जैसा मंजर! बम धमाकों से कांप उठा पद्मा पुल, रेस्तरां फूंके और बिछी लाश!

बांग्लादेश में फिर भड़का गृहयुद्ध जैसा मंजर! बम धमाकों से कांप उठा पद्मा पुल, रेस्तरां फूंके और बिछी लाश!

मध्य बांग्लादेश के ढाका संभाग अंतर्गत शरियातपुर जिले के जजीरा उपजिला में राजनीतिक वर्चस्व को लेकर खूनी संघर्ष छिड़ गया। रविवार तड़के पद्मा पुल के दक्षिणी छोर पर स्थित नाओडोबा और बिकेनगर इलाकों में सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) और अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक टकराव हुआ। गोलीबारी और देसी बम धमाकों से दहल उठे इस इलाके में अवामी लीग के युवा संगठन 'जुबो लीग' के एक कार्यकर्ता की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान शरियातपुर सदर उपजिला के मध्य सोनामुखी निवासी हफीजुद्दीन सिपाही के बेटे इब्राहिम सिपाही के तौर पर हुई है।

सुबह करीब 5:30 से 6:00 बजे के बीच शुरू हुआ यह उपद्रव देखते ही देखते बड़े टकराव में बदल गया। स्थानीय सूत्रों और पुलिस के अनुसार, अवामी लीग से जुड़े लोग बिकेनगर की ओर से पद्मा पुल के दक्षिणी छोर की तरफ आगे बढ़े, जहां पहले से बीएनपी समर्थक एक्सप्रेस-वे पर डटे हुए थे। शुरुआत में दोनों गुटों के बीच एक-दूसरे को खदेड़ने का खेल चला, लेकिन कुछ ही पलों में हवा में गोलियां तड़तड़ाने लगीं और ताबड़तोड़ देसी बम फोड़े गए। भीषण धमाकों से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बीएनपी समर्थक पीछे हटने को मजबूर हुए।

हमले के बाद भड़की हिंसा में बीएनपी की सभा स्थल पर जमकर तोड़फोड़ की गई। उपद्रवियों ने वहां खड़ी कार्यकर्ताओं की कम से कम 20 मोटरसाइकिलों को आग के हवाले कर दिया। इतना ही नहीं, नाओडोबा चौराहे पर मौजूद 'फूड एक्सप्रेस' रेस्तरां और पास के एक अन्य ढाबे में भी आग लगा दी गई। सोशल मीडिया पर सामने आए कई वीडियो फुटेज में उपद्रवी देसी हथियार लहराते हुए एक्सप्रेस-वे पर नाकेबंदी करते और बम फेंकते साफ नजर आ रहे हैं। शरियातपुर छात्र दल के नेताओं का आरोप है कि मदारिपुर के शिबचर और स्थानीय इलाकों से आए अवामी लीग के हथियारबंद कार्यकर्ताओं ने सुनियोजित तरीके से उन पर धावा बोला।

घटना की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नारिया सर्कल) मोहिउद्दीन मिराज और अपराध नियंत्रण देख रहे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जकारिया रहमान ने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए फोर्स रात से ही इलाके में मुस्तैद थी। भारी पुलिस तैनाती के बावजूद सुबह के वक्त अचानक कुछ तत्वों ने आकर देसी बम फोड़े। इस उपद्रव के कारण देश के सबसे व्यस्त मार्गों में शुमार पद्मा पुल पर करीब 45 मिनट और ढाका-भांगा एक्सप्रेस-वे पर लगभग डेढ़ घंटे तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रुकी रही, जिससे दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। फिलहाल सुरक्षाबलों ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाते हुए हालात पर नियंत्रण पा लिया है और यातायात पूरी तरह बहाल कर दिया गया है।